हिसार। योग का विश्व में डंका बजा हुआ है। 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर पूरा प्रशासन लगा हुआ है, लेकिन इस बार फरीदपुर का बेटा संदीप आर्य 100 घंटे लगातार सूर्य नमस्कार कर रिकॉर्ड बनाने जा रहा है, जबकि इससे पहले संदीप राजस्थान के कोटा में 17 घंटे का रिकॉर्ड भी बना चुका है। इस बार वह 17 से 21 जून तक महाराष्ट्र के जिला नांदेड़ में लगातार 100 घंटे तक सूर्य नमस्कार करेगा। इसमें 12 क्रियाएं होंगी। इसके लिए वह रोजाना आठ घंटे अभ्यास कर रहा है। फिलहाल संदीप हिसार की अग्रसेन कॉलोनी में रह रहा है।
100 घंटे में तीन लाख बार करनी होगी क्रिया
राजस्थान में सूर्य नमस्कार कर 17 घंटे का रिकॉर्ड बना चुका संदीप आर्य ने बताया कि 100 घंटे के लगातार सूर्य नमस्कार में उन्हें तीन लाख बार क्रिया करनी होगी। रिकॉर्ड बनाने पर उसे पिछले साल राजस्थान के सीएम, राज्यपाल और स्वामी रामदेव की ओर से सम्मानित किया जा चुका है। संदीप ने बताया कि इस बार वह अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर 100 घंटे का रिकॉर्ड बनाएगा।
15 दिन से खाना बंद, फ्रूट, बादाम और पिस्ता खा रहा
संदीप ने 15 दिन से खाना खाना बंद किया हुआ है। इसकी जगह वह फ्रूट, बादाम और पिस्ता खा रहा है, ताकि शरीर में एनर्जी बनी रहे। संदीप ने बताया कि यदि वह खाना खाता है तो शरीर में आलस बना रहता है और अपनी प्रैक्टिस ठीक ढंग से नहीं कर पाता। संदीप 10 साल से सूर्य नमस्कार का अभ्यास कर रहा है।
योग गुरु स्वामी रामदेव से मिली प्रेरणा
संदीप आर्य ने 12 साल तक आर्य समाज मंदिर में पढ़ाई की है। उन्हें वहां योग के बारे में सिखाया जाता था। संदीप ने बताया कि उन्होंने योग गुरु स्वामी रामदेव से प्रेरणा मिली है। वहीं पिता धर्मपाल जांगड़ा मिस्त्री है। माता कृष्णा देवी का बीमारी के चलते काफी साल पहले निधन हो चुका है। संदीप हिसार में अपनी बुआ के पास रहता है। राजस्थान के कोटा में 17 घंटे का रिकॉर्ड बनाने पर गोल्डन, गिनीज और लिम्का बुक में भी नाम दर्ज हो चुका है।