हिसार। रेलवे स्टेशन पर लगाए जा रहे एस्केलेटर का काम जोरों पर चल रहा है। दो सप्ताह बाद यात्रियों को इसकी सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। एस्केलेटर चालू होने के बाद यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। अभी तक एस्केलेटर का पूरा ढांचा फिट कर दिया गया है। इसकी छत तैयार की जा रही है। इस काम को पूरा करने के लिए कर्मचारी दिन-रात लगे हुए हैं। वहीं कुछ दिन पहले ही रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे बीकानेर मंडल के डीआरएम संजय श्रीवास्तव ने तेजी से काम को पूरा करने के आदेश दिए थे।
बता दें कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर लगाए जाने वाले एस्केलेटर पर दो करोड़ की लागत आएगी। इसको फुट ओवरब्रिज से जोड़ा जाएगा। ऐसे में यात्री एस्केलेटर का इस्तेमाल कर आसानी से फुट ओवरब्रिज पर चढ़ पाएंगे। फिलहाल बुजुर्ग यात्रियों को ओवरब्रिज पर चढ़ने के दौरान परेशानी आ रही है। कारण है कि प्लेटफार्म नंबर-1 पर बना फुट ओवरब्रिज काफी ऊंचा है। ऐसे में उस फुट ओवरब्रिज पर सामान लेकर चढ़ना आम यात्रियों के लिए भी मुश्किल हो जाता है।
...इसलिए लेट होता चला गया काम
वैसे तो एस्केलेटर के लिए काफी समय पहले ही पिलर खड़े कर दिए गए थे, लेकिन बीच में लेबर काम छोड़कर चली गई। ऐसे में एस्केलेटर लगाने का काम लेट पर लेट होता चला गया। अब रेलवे के अधिकारी 15 दिन बाद ही एस्केलेटर शुरू होने की बात कह रहे है। वहीं फुट ओवरब्रिज ज्यादा ऊंचा होने के कारण यात्रियों ने भी एस्केलेटर को जल्द चालू करने की मांग की है।
काम तेजी से किया जा रहा है। ढांचा फिट किया जा चुका है। दो सप्ताह बाद यात्रियों को एस्केलेटर की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
मेडलिफ कटियार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर, इलेक्ट्रिक विंग, रेलवे।