अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। सामान्य बस स्टैंड से रात 11 बजे चंडीगढ़ के लिए जाने वाली हिसार डिपो की रोडवेज बस पिछले डेढ़ महीने से बंद है। इसके अलावा दोपहर एक बजकर 40 मिनट व शाम 6 बजकर 30 मिनट पर चंडीगढ़ रूट के लिए जाने वाली बसों का संचालन भी नहीं हो रहा है। इस कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रोडवेज अधिकारियों ने जनवरी महीने में देर रात धुंध छाने के कारण रात 11 बजे वाली बस सर्विस बंद कर दी थी। दोपहर 1:40 बजे व शाम 6:30 बजे चंडीगढ़ जाने वाली बस स्टाफ की कमी के चलते बंद की गई थी।
चंडीगढ़ रूट पर जाने वाली यात्री कुलदीप, रमेश, शालू, भावना, रविंद्र, अंकित, मुकेश व विकास आदि ने बताया कि काफी चंडीगढ़ एसएससी, नेट सहित अन्य एग्जाम देने जाना पड़ता है। रात 11 बजे वाली बस काफी सुविधा जनक रहती है। अब करीब डेढ़ महीने से ये बस नहीं जा रही है। जिसके कारण एक दिन पहले जाना पड़ता है। इन विद्यार्थियों ने कहा कि हम रोडवेज अधिकारियों से आग्रह करते हैं कि जल्द से जल्द रात 11 बजे वाली, दोपहर 1:40 व शाम 6:30 बजे वाली बस शुरू की जाए। ये तीनों बस सर्विस बंद होने से प्रतिदिन करीब 500 से ज्यादा सवारियों को परेशानी होती है।