अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। मनुष्य का जीवन तभी सार्थक होता है, जब वह न केवल अपने लिए, बल्कि देश और प्रकृति के हित को ध्यान में रखते हुए कार्य करता है। ऐसा ही उदाहरण शांति नगर निवासी सीनियर सिटीजन रमेशचंद्र सैनी अन्य लोगों के समक्ष पेश कर रहे हैं। हकृवि से सेवानिवृत्त रमेशचंद्र सैनी के प्रयासों से कभी वीरान दिखाई देने वाला शांति नगर-टू ए स्थित पार्क अब शीघ्र ही हरा-भरा नजर आएगा।
इस पार्क के सुंदरीकरण के उपरांत अब यहां पर हरी घास लगाने की कवायद भी शुरू कर दी गई है। रमेशचंद्र सैनी समय निकालकर इस पार्क को हरा भरा रखने में अपना विशेष योगदान दे रहे हैं। इसके लिए उन्होंने पार्क वेलफेयर कमेटी की तरफ से माली की व्यवस्था करते हुए पेड़ पौधे लगवाए, वहीं खुद भी सुबह शाम पार्क की साफ सफाई से लेकर पौधों की देखभाल व उनमें पानी देने में अपना समय लगा रहे हैं। उनके ही प्रयासों से अब यह पार्क सौंदर्यकरण के मामले में अलग ही दिखाई देने लगा है।
विदित हो कि पूर्व की नगर परिषद ने करीब 40 साल पहले इस पार्क का निर्माण कराया गया था, लेकिन उपयुक्त देखभाल न होने के कारण इस पार्क की हालत काफी खस्ता बनी हुई थी और यह उजाड़ सा दिखाई देता था। इसके बाद यहां के निवासियों ने रमेशंचद्र सैनी को पार्क वेलफेयर कमेटी शांतिनगर के प्रधान की जिम्मेदारी सौंपी, जिसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और कमेटी सदस्यों व नगर निगम अधिकारियों के सहयोग से पार्क का नई पहचान दिलाने में कामयाब हुआ। अब हालात यह है कि पार्क में महिलाएं सुबह शाम सत्संग के लिए आती हैं। जिससे आस पास का माहौल भी खुशनुमा हो जाता है। पार्क समिति अध्यक्ष रमेशचंद्र सैनी ने कहा कि उनके इन प्रयासों में पार्क समिति के संरक्षक सतीश कुमार आला, उपप्रधान अशोक कुमार बहोत, कोषाध्यक्ष महेंद्र कुमार शर्मा, सलाहकार रामप्रकाश अरोड़ा, महासचिव मास्टर बलवान सिंह, सचिव बलवंत सिंह नंबरदार का भी विशेष योगदान रहा है। इसके साथ ही पार्क के सुंदीकरण में दिए जा रहे के लिए पार्षद अनिल सैनी उर्फ मानी व मेयर गौतम सरदाना के साथ-साथ नगर निगम के अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया है।