हिसार। नगर निगम की घरों से कचरा उठाने वाली 13 गाड़ियां कई दिनों से खराब पड़ी है। इसके अलावा टेंडर खत्म होने से 16 ट्रैक्टर ट्रॉली भी कम हो गए हैं। संसाधनों के अभाव में शहर की सफाई व्यवस्था गड़बड़ा गई है। घरों से कचरे उठान के अलावा डंपिंग प्वाइंटों से कचरे का उठान नहीं हो पा रहा है। इसे लेकर स्वच्छता कमेटी के चेयरमैन ने निगम अधिकारियों को अवगत भी करवाया है।
स्वच्छता कमेटी के चेयरमैन अनिल जैन ने बताया कि वर्तमान में 13 गाड़ियां खराब पड़ी हैं। उनके वार्ड से लोग उनसे शिकायत कर रहे हैं कि घरों व डंपिंग प्वाइंटों से कचरे का उठान नहीं हो रहा है। इस बारे में उन्होंने संयुक्त आयुक्त व उपनिगम आयुक्त से बात भी की है। अनिल जैन ने बताया कि ये सभी गाड़ियां एक ही दिन में खराब नहीं हुईं। इनमें से कई गाड़ियां तो 20 दिनों से खराब पड़ी हैं। अगर ऐसे ही हालात रहे तो शहर इंदौर कैसे बनेगा। वह इस बारे में मेयर गौतम सरदाना व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता से बात करेंगे।
मैंने इस बारे में स्वच्छता शाखा से रिपोर्ट मांगी है कि इतने दिनों से गाड़ियां खराब क्यों पड़ी हैं। हालांकि कुछ गाड़ियां शुक्रवार को ठीक हो गई हैं। - बेलिना, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम