अमर उजाला ब्यूूरो
हिसार। सब इंस्पेक्टर की लिखित परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने शहर में 50 परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था की है। इन केंद्रों पर 15 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए 15 अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारी फ्लाइंग स्क्वायड की ड्यूटी निभाएंगे। सभी केंद्रों पर परीक्षा सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर परीक्षा शुरू होगी। इस दौरान डीएचबीवीएनएल के एसडीओ एस सांगवान, एचएसएएमबी से एसडीओ विजेंद्र सिंह, हांसी वन के बीडीपीओ रामसिंह, ग्राउंड वाटर सेल से राकेश कुमार फ्लाइंग स्क्वायड की ड्यूूटी देंगे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। परीक्षार्थियों की केंद्र में प्रवेश करने से पहले दो बार तलाशी ली जाएगी।
खुफिया विभाग ने किया सेंटरों का दौरा
परीक्षा के मद्देनजर खुफिया विभाग की टीमों ने शनिवार को शहर के सभी 50 परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के सभी पहलुओं की जांच की गई। सभी परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी व जैमरों की भी जांच की। परीक्षा के मद्देनजर केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू रहेगी। इस दौरान कोई उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खुफिया विभाग की टीमों ने केंद्रों के आसपास की फोटोस्टेट की दुकानों का भी मुआयना किया। जिला प्रशासन द्वारा धारा 144 लागू करने के साथ केंद्रों के आसपास की सभी फोटोस्टेट दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई दुकान परीक्षा समय में खुली पाई गई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।