अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। हिसार से जोधपुर जाने वाली सवारी गाड़ी के नीचे देवां गांव के निकट बेसहारा पशु आने से गाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया। इस कारण यह गाड़ी अपने निर्धारित समय से तकरीबन छह घंटे देरी से वापस जोधपुर के लिए रवाना हुई। इसके चलते मुसाफिरों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर ये गाड़ी हिसार रेलवे स्टेशन से जोधपुर के लिए रवाना हुई। गाड़ी जब देवां गांव के पास पहुंची तो इंजन के आगे अचानक बेसहारा पशु आ गया। जिसके कारण इंजन का पावर सिस्टम डैमेज हो गया और इंजन की प्रेशर पाइप भी फट गया। प्रेशर पाइप फट जाने के कारण इंजन के ब्रेक जाम हो गए। इसके अलावा इंजन के आगे लगी लोहे की जाली मुड़कर रेलवे ट्रेक से मिल गई। जिसके कारण इंजन आगे नहीं बढ़ सका। लोको पायलट ने बड़ी मुश्किल से इंजन के सामने की जाली को रेलवे लाइन से अलग किया मगर जाम हुए ब्रेक को ठीक नहीं कर पाए। इसके बाद घटना की जानकारी हिसार रेलवे स्टेशन पर अधिकारियों को दी। यह गाड़ी घटनास्थल पर तकरीबन डेढ़ घंटे तक खड़ी रही। विभागीय सूत्रों के मुताबिक इस सूचना के बाद हिसार रेलवे स्टेशन से घटनास्थल पर दो इंजन भेजे गए। क्योंकि एक क्षतिग्रस्त इंजन का ब्रेक जाम था तो वह एक अन्य इंजन की मदद से खुल पाना संभव नहीं था। मौके पर मौजूद लोगों की मानें तो जब दोनों इंजन की मदद से ट्रेन को खींचा गया तो जाकर ब्रेक खुले। इसके बाद पूरी ट्रेन को वापस हिसार लाया गया। जहां क्षतिग्रस्त इंजन की तकनीकी कर्मचारियों मरंमत करवाई गई। हिसार से इस गाड़ी को 11 बजकर 15 मिनट पर जोधपुर के लिए रवाना किया गया।
देवां गांव के पास एक पशु के टकराने से इंजन में फाल्ट आ गया था। इस कारण ट्रेन आगे नहीं चल पाई। दूसरी पावर के जरिये वापस हिसार लाया गया और 11:15 बजे जोधपुर के लिए रवाना किया गया।
महेंद्र पाल चुघ, स्टेशन अधीक्षक हिसार।