अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
स्टेट सेक्टर कन्फडरेशन के प्रधान यशवीर मलिक ने कहा कि इन्हांसमेंट के नाम पर 100 अरब का घोटाला है। इसकी विजिलेंस नहीं सीबीआई जांच होनी चाहिए। प्रदेश भर के सेक्टर आरडब्ल्यूए से संपर्क कर एक अप्रैल को आंदोलन का एलान किया जाएगा। आरडब्ल्यूए शनिवार को विधायक डॉ. कमल गुप्ता और सांसद दुष्यंत को मांगपत्र सौंपेंगी।
सेक्टरों में आई इन्हांसमेंट के खिलाफ आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों की बैठक शुक्रवार को सेक्टर 16-17 के सामुदायिक केंद्र में हुई। मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए प्रधान यशवीर मलिक ने कहा कि इन्हांसमेंट नहीं, यह घोटाला है। इसकी सीबीआई से जांच होनी चाहिए। करीब 100 अरब रुपये का यह घोटाला सभी के सामने किया जा रहा है। तीन तीन दशक बाद प्लाट धारकों से लाखों की इन्हांसमेंट डालना कहां का न्याय है। यह न्याय युद्ध है। इसके लिए सभी को एकत्र होकर मैदान में उतरना होगा। प्रदेेेश के सभी जिलों के साथ लेकर लडे़ंगे। इसके लिए एक टीम का गठन किया गया। जो हर शहर में जाकर लोगों को आंदोलन के लिए जोडे़गी।
मीटिंग में सेक्टर 1-4 प्रधान कर्नल चतर सिंह गोयत, सेक्टर 3- 5 प्रधान बलवंत बूरा, सेक्टर 3-5 प्रधान ओमेंद्र, जिला ऑल सेक्टर आरडब्ल्यूए प्रधान सतपाल ठाकुर, सेक्टर-15 प्रधान जयपाल मोहला, सतबीर सिंधू, सेक्टर-14 प्रधान रविंद्र ढांडा, सेक्टर-16-17 महासचिव नरेंद्र पिलानिया, कोषाध्यक्ष भूप सिंह, सतबीर कुंडू, दलीप सिंह, बीर सिंह बामल सहित अन्य उपस्थित रहे।
यह कमेटी करेगी संपर्क
दिनेश बिश्नोई, सतपाल ठाकुर, सतबीर कुंडू, कर्नल चतर सिंह, डीएस खरब की टीमें शनिवार से सेक्टरों में जनसंपर्क करेंगी। टीमें सिरसा, फतेहाबाद, जींद, रोहतक, भिवानी, करनाल, कैथल, गुरुग्राम, फतेहाबाद में जनसंपर्क करेंगी।
इन्हासमेंट के खिलाफ मुख्यमंत्री को लिखा जाएगा खून से पत्र
हिसार। हुडा द्वारा बार-बार भेजी जा रही इन्हासमेंट से त्रस्त सेक्टर निवासियों ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सेक्टरवासियों ने इन्हासमेंट को समाप्त करने के लिए मुख्यमंत्री को खून से पत्र लिखने का निश्चय किया है। सेक्टर 16-17 एवं 13 पार्ट-2 रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान जितेंद्र श्योराण ने बताया कि बार-बार हुडा विभाग द्वारा डाली जा रही इन्हासमेंट के प्रति सेक्टरवासियों में बड़ा भारी आक्रोश है। सेक्टर एसोसिएशन और अन्य निवासी यह फैसला कर चुके हैं कि इन्हासमेंट के नाम पर कोई भी एक रुपया तक नहीं भरेगा। जनता सड़कों पर आ गई तो बहुत बड़ा आंदोलन खड़ा हो जाएगा।
आरपार के संघर्ष के लिए एक अप्रैल को रोहतक में होगी रूपरेखा तैयार
जिला रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने सेक्टरों पर बार-बार डाली जा रही इन्हासमेंट को हुडा विभाग के उच्चाधिकारियों व विभाग के कानूनी अधिकारियों की जमीन मालिकों से सांठगांठ का परिणाम बताया है। अब इन्हासमेंट के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। इसकी रणनीति एक अप्रैल को रोहतक में होने वाली बैठक में तय होगी। एसोसिएशन के प्रधान दलबीर किरमारा, महासचिव त्रिलोक बंसल व वरिष्ठ उप प्रधान बलवान गुज्जर ने मुख्यमंत्री से अपील की। यदि इसके बाद भी सरकार ने इसका समाधान नहीं किया तो सेक्टरवासियों के समक्ष इंकलाब के अलावा कोई चारा नहीं होगा।