हांसी। बाईपास बरवाला फ्लाईओवर पर चाकू की नोक पर तीन युवकों ने कैंटर चालक से 10,500 रुपये छीन लिए और बाइक पर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सिंधड़ निवासी सोमबीर ने बताया कि वह कैंटर चलाता है। सोमवार को वह हिसार में बगला रोड स्थित फैक्टरी से कैंटर में माल भरकर दिल्ली जा रहा था। रात साढ़े आठ बजे जब वह हांसी बाईपास पर बरवाला फ्लाईओवर से गुजर रहा था तो वहां पर कंटेनर खड़ा था। उसके पास खड़े दो युवकों ने रुकने का इशारा किया। सोमबीर ने बताया कि उसे लगा कंटेनर खराब है इसलिए कैंटर रोक लिया। इस दौरान दोनों युवकों ने आगे होटल तक छोड़ने के लिए कहा। रास्ते में दोनों युवकों ने उसकी गर्दन पर चाकू लगाकर जेब से साढ़े 10 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद आरोपी सैनीपुरा पुल के सर्विस रोड पर कैंटर ले गए, जहां एक बाइक सवार के साथ दोनों फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद