हरियाणा की पूजा ने हाई जंप में तोड़ा नेशनल रिकॉर्ड
- फोटो : संवाद
फतेहाबाद जिले के गांव बोस्ती की उभरती एथलीट पूजा ने हांगकांग (चीन) में आयोजित अंडर-20 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया है। हाई जंप स्पर्धा में 1.93 मीटर की शानदार छलांग लगाते हुए पूजा ने नया भारतीय रिकॉर्ड स्थापित किया और अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराया।
पूजा के गांव में खुशी
28 से 31 मई तक चल रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की टीम से 51 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। हरियाणा से तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ था, जिसमें फतेहाबाद की पूजा, रोहतक के निश्चय और मुस्कान शामिल हैं। पूजा ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल स्वर्ण पदक हासिल किया, बल्कि भारतीय एथलेटिक्स में एक नया कीर्तिमान भी जोड़ दिया है।
पूजा की उपलब्धि की खबर मिलते ही गांव पारता समेत पूरे फतेहाबाद जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। खेल प्रेमियों, ग्रामीणों और युवाओं ने इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया। गांव के लोगों का कहना है कि पूजा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश से निकली प्रतिभाएं भी विश्व स्तर पर पहचान बना सकती हैं।