वध के लिए दर्जन भर से ज्यादा गोवंश को ट्रक पर भर सिरसा से मेवात ले जाने के दौरान पशु तस्करों की भनक गो-रक्षक दल को मिल गई। इसके बाद दल के लोग ट्रक का पीछा करने लगे। भूना रोड पर दल के सदस्यों ने ओवरटेक कर ट्रक के आगे अपना वाहन खड़ा कर दिया। जिससे घबराए एक पशु तस्कर ने फ्लाईओवर से छलांग लगा दी।
नीचे गिरकर वह गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पशु तस्कर को अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा दूसरे तस्कर शकील मोहम्मद को काबू किया है।
आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्जकर ट्रक से 11 गोवंश को मुक्त कराया। फतेहाबाद पुलिस को दी शिकायत में गो पुत्र सेना के जिला सचिव सुनील बंसल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि सिरसा की तरफ से ट्रक में बैलों को भरकर मेवात लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर अपने साथियों के साथ रतिया फ्लाईओवर के पास खड़े हो गए।
सिरसा की तरफ से आए ट्रक को जब रुकने का इशारा किया तो चालक ने गति बढ़ा ली। इसके बाद चालक ने यूटर्न लेते हुए वापस सिरसा की तरफ मोड़ लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पकड़े जाने के डर से ट्रक के ड्राइवर ने भूना रोड फ्लाईओवर पर रोककर छलांग लगा दी। इस दौरान मौके पर ट्रक में मौजूद दूसरे आरोपी शकील मोहम्मद को काबू कर लिया।
नीचे पहुंचे तो चालक नूंह निवासी मुबिन घायल मिला। जिसे एंबुलेंस से नागरिक अस्पताल भेजा गया। पुलिस की मौजूदगी में ट्रक की जांच की तो उसमें से 12 बैल बरामद हुए। जिसमें एक घायल था। पुलिस की मौजूदगी में 11 बैलों को बिगड़ रोड़ स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी नंदी गोशाला में सुरक्षित उतार दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर ली गई है। घायल आरोपी को अग्रोहा मेडिकल में दाखिल करवाया गया। उसकी हालत सामान्य है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। - सुरेंद्र कंबोज, शहर थाना प्रभारी।