एक लाख रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग
पगड़ी संभाल जट्टा के प्रदेश अध्यक्ष मनदीप सिंह नथवान ने प्रदेश सरकार से ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को एक लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसल के साथ मंडियों में रखी धान की फसल को भी नुकसान पहुंचा है।
मनदीप सिंह नथवान ने बताया कि रविवार को संगठन के प्रतिनिधि गांव-गांव जाकर किसानों से मिलेंगे और फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेंगे। इसके बाद किसानों की स्थिति और उनकी समस्याओं के आधार पर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को हुए नुकसान की भरपाई करवाने के लिए संगठन संघर्ष करेगा। सरकार को प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का उचित आकलन करवाकर किसानों को मुआवजा देना चाहिए।
पश्चिमी विक्षोभ से और गिर सकता है तापमान
मौसम में आए बदलाव के बीच मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने की संभावना है।