फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनियमित कॉलोनियों का फिर से होगा सर्वे

Mon, 11 Nov 2013 11:08 PM IST
अमर उजाला, गुड़गांव
विज्ञापन
विज्ञापन
नगर निगम के दायरे में आने वाली अनियमित कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं देने के लिए नए सिरे से सर्वे कराया जाएगा। मानकों पर खरा उतरने वाली कॉलोनियों में सभी सुविधाएं दी जाएंगी। निगम के सीनियर टाउन प्लानर की ओर से सर्वे कराया जाएगा।
विज्ञापन


सोमवार को लघु सचिवालय परिसर में नगर निगम सदन की बैठक में यह फैसला लिया गया। वार्ड नंबर एक के पार्षद रिषिराज राणा ने मूलभूत सुविधाओं वाली सूची से न्यू पालम विहार का नाम हटाने पर जवाब मांगा।

उन्होंने कहा कि न्यू पालम विहार, सराय अलावर्दी, जहाजगढ़, निहाल सिंह कॉलोनी के नाम सूची में शामिल नहीं किए गए तो आंदोलन होगा। मेयर विमल यादव, सीनियर डिप्टी मेयर यशपाल बतरा ने भी मूलभूत सुविधाएं दी जाने वाली सूची में नई कॉलोनियों के नाम जोड़ने के लिए प्रस्ताव रखा। सभी पार्षदों ने कॉलोनियों का नए सिरे से सर्वे करने का प्रस्ताव पारित किया।
विज्ञापन


निगमायुक्त पीसी मीणा ने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ओर से एलान किया गया है। इसके आधार पर नए सिरे से सर्वे कराएंगे।  सभी पार्षद अपने-अपने इलाके की ऐसी कॉलोनियों का नाम सीनियर टाउन प्लानर एसके चौहान को सौंपें।

नियमों पर खरा उतरने वाली कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी। पार्षद गजे सिंह कबलाना ने कहा कि आयुध डिपो के दायरे में आने वाली कॉलोनियों में भी मूलभूत सुविधाएं दी जाएं। इस दायरे में छह वार्डों का 2325 एकड़ क्षेत्र है। इसमें करीब दो लाख से अधिक की आबादी है।

इन दर्जन भर कॉलोनियों में सुविधाएं नहीं दीं तो लोग सड़कों पर उतरेंगे। मेयर विमल यादव ने निगम मुख्यालय के लिए जल्द से जल्द जगह तय करने का प्रस्ताव रखा। इस पर सिलोखरा गांव की 12 एकड़ जमीन को फाइनल किया गया।

सामुदायिक केंद्रों में बुकिंग होगा आसान
नगर निगम के दायरे में आने वाले सामुदायिक केंद्र का संचालन हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की तरह से होगा। इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा। इसमें बुकिंग कराना बेहद सरल होगा। निगम सदन की बैठक में पार्षद अनूप सिंह ने बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाने का प्रस्ताव रखा। इस पर डिप्टी मेयर परमिंदर कटारिया कहा कि हुडा में सिंगल विंडो सिस्टम है। इसमें महज एक साधारण आवेदन देकर इसे आसानी से बुक कराया जा सकता है। बुकिंग की स्वीकृति मौके पर ही दे दी जाती है। बुकिंग के लिए सिक्योरिटी मनी को तौर पर डिमांड ड्राफ्ट लिया जाता है। कार्यक्रम पूरा होने के बाद आवेदक को यह ड्राफ्ट वापस दे दिया जाता है। आयुक्त पीसी मीणा ने कहा कि जानकारी लेकर इस सिस्टम को अपनाया जाएगा।

अतिरिक्त शुल्क देकर नियमित होंगे निर्माण
गुड़गांव। नगर निगम में विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए इंजीनियरिंग विंग के अधिकारी सप्ताह में एक दिन एक टेबल पर होंगे। इसमें मुख्य फाइलों पर मंथन कर उन्हें पास किया जाएगा। यह बैठक हर सोमवार को होगी। निगम सदन की बैठक में पार्षद सुभाष सिंगला की ओर से पुराने शहर में भवन मैप का मुद्दा उठाया गया। आयुक्त ने बताया कि सभी लंबित मामलों को पास किया जा चुका है। भवन के टुकड़ों के मैप पर प्रदेश सरकार की ओर से फैसला लिया जाएगा। इस पर आयुक्त ने कहा कि नियमों के अनुसार बने भवनों को नहीं तोड़ा जाएगा। नियमों से 10 प्रतिशत तक अधिक निर्माण करने वालों से कंपाउंडिंग फीस लेकर उन्हें नियमित कर दिया जाएगा। भवन के मैप पर आवेदन के 60 दिन में फैसला लिया जाएगा।


क्या-क्या रखीं मांगें

-पार्षद मंगतराम बागड़ी ने एक सर्वे कंपनी का हवाला देते हुए शहर में 14 स्थानों पर फ्लाईओवर की मांग रखी। वार्ड में पेयजल की समस्या को जल्द से जल्द हल करने के लिए प्रस्ताव रखा। सामुदायिक केंद्र निर्माण व स्ट्रीट लाइट के प्रस्ताव को भी उठाया।

-पार्षद सुनीता कटारिया ने अपने वार्ड में पेयजल की समस्या को हल करने की मांग की। उन्होंने गांव के बाहरी हिस्से में हुडा की खाली जमीन पर पार्क विकसित करने, स्ट्रीट लाइट लगवाने, चौपाल के काम को जल्द पूरा कराने के लिए मांग की।

-पार्षद गजे सिंह कबलाना ने पार्षदों के लिए निगम की ओर से मोबाइल नंबर, लैपटॉप, पीए व क्लर्क उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने पार्षदों को दिए जाने वाले सम्मान भत्ते की राशि में बढ़ोतरी कर सम्मानजनक बनाने की मांग रखी।

-पार्षद पूनम देवी ने गांव झाड़सा में धीमी गति से हो रहे विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अधिकारी गांव में सार्वजनिक स्थलों पर बेंच तक नहीं लगवा रहे। गलियों के अधिकतर काम अधूरे पड़े हैं।

-पार्षद निशा सिंह ने बंधवाड़ी ट्रीटमेंट प्लांट पर जवाब मांगा। उन्होंने इसे जल्द से दोबारा चालू कराने की मांग की। अनियमित कॉलोनियों में स्ट्रीट लाइट लगवाने व हुडा के सेक्टरों को निगम के अधीन लेने का प्रस्ताव रखा।

-पार्षद रमा रानी राठी ने कॉलोनाइजर इलाके को टेकओवर करने की मांग रखी। उन्होंने सामुदायिक केंद्र, चौपाल व विकास के अधूरे काम जल्द पूरा कराने के लिए कहा। पार्षद ने वार्ड में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने की भी मांग की।
विज्ञापन
















विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें