तापमान में गिरावट आने के बाद भी डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। करीब सप्ताहभर से डेंगू के औसतन सात मरीज रोजाना मिल रहे हैं। इस माह की बात करें तो शुरुआत से अब तक 100 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं।
मलेरिया विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में एक अक्तूबर तक डेंगू पीड़ितों की संख्या 178 थी। 20 अक्तूबर तक यह संख्या 243 पर पहुंच गई और 26 अक्तूबर को यह आंकड़ा 285 पर पहुंच गया। इस लिहाज से देखा जाए तो पिछले छह दिनों में डेंगू के औसतन सात मरीज रोजाना सामने आए हैं। सिविल सर्जन डॉ. पुष्पा बिश्नोई का कहना है कि डेंगू के मरीजों के मिलने का सिलसिला पहले की अपेक्षा कम हुआ है। जिले में ब्रीडिंग चेकिंग और फॉगिंग का काम लगातार जारी है। उम्मीद है कि एक सप्ताह के भीतर डेंगू का प्रकोप हद तक कम हो जाएगा।