गुड़गांव। खेलमंत्री सुखबीर कटारिया ने कहा कि मारुति कर्मचारियों की बहाली की मांग को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलेंगे। इसके बाद सीएम से समय लेकर ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कराई जाएगी। ईस्टर्न कंपनी को चालू कराने के लिए भी गंभीरता से प्रयास किया जाएगा।
मारुति कंपनी के कर्मचारियों की बहाली की मांग को लेकर ट्रेड यूनियनों का प्रतिनिधिमंडल खेलमंत्री सुखबीर कटारिया से मिला। ट्रेड यूनियन के इस प्रतिनिधिमंडल में 16 सदस्य शामिल हुए। इसमें एटक के महासचिव अनिल पंवार, सीआईटीयू के राज्य प्रधान सतबीर सिंह, मारुति उद्योग कामगार यूनियन के प्रधान कुलदीप जांघू, रिको ऑटो यूनियन के प्रधान मुकेश, रामकुमार, सोना स्टेरिंग कंपनी के प्रधान कुलदीप, नपीनो कंपनी यूनियन के प्रतिनिधि भूपन दास, राजकुमार, कृष्ण, योगेश, हेमा इंजीनियरिंग से रामनिवास यादव, माइक्रोटेक यूनियन से अजय कुमार, वजीर सिंह, सत्यम ऑटो यूनियन से राजेश पाेंडवाल, हंसराज कसाना, वजीर सिंह शामिल हुए।
प्रतिनिधि मंडल ने खेलमंत्री सुखबीर सिंह कटारिया से मारुति प्रकरण की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग की। साथ ही कहा कि बर्खास्त 546 कर्मचारियों की बहाली की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने ईस्टर्न मेडिकिट कंपनी को दोबारा से चालू कराने के लिए जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग रखी। खेलमंत्री ने भरोसा दिलाया कि वह जल्द की मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात करेंगे।