फतेहाबाद के गोरखपुर में लगने वाले परमाणु बिजली संयंत्र के तहत करीब 100 करोड़ रुपये की राशि से गांव गोरखपुर और आसपास के इलाकों में जन उपयोगी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी।
इसके अलावा 46 करोड़ रुपये की लागत से गांव बड़ोपल-कुम्हारिया परमाणु संयंत्र तक सड़क को चौड़ा किया जाएगा जिस पर भारी मशीनरी को लाने ले जाने का काम किया जाएगा। इस सड़क का काम जल्द शुरू हो जाएगा। यह जानकारी सांसद डॉ. अशोक तंवर ने गोरखपुर में परमाणु संयंत्र के लिए एनपीसीआईएल की ओर से किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा करते हुए दी।
सांसद तंवर ने कहा कि इलाके के लोगों ने परमाणु संयंत्र के लिए जमीन उपलब्ध करवाकर एक सराहनीय कार्य किया है इसलिए एनपीसीआईएल भी इलाके के विकास पर विशेष ध्यान दें और सीएसआर पॉलिसी को तत्काल लागू करें। उन्होंने कहा कि गोरखपुर और आसपास के इलाके में करीब 100 करोड़ रुपये से विकास के कार्य होंगे ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मुहैया हो सकें।
सर्वे का काम लगभग पूरा
गोरखपुर हरियाणा अणु बिजली परियोजना के परियोजना निदेशक टीआर अरोड़ा ने बताया कि एनपीसीआईएल की ओर से सीएसआर पॉलिसी को प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है। प्रथम चरण में आधारभूत सुविधाओं के विस्तारीकरण पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संयंत्र के निर्माण के लिए जरूरी तकनीकी सर्वे का कार्य करीब 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। सर्वे में लिए गए मिट्टी के नमूनों को विभिन्न प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाई की जाएगी।