हरियाणा के चरखीदादरी के गांव तिवाला स्थित सरकारी स्कूल में शनिवार को भी विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित रही। ग्रामीणों ने स्कूल पर लगाया ताला खोलने से मना कर दिया।
जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल श्योराण ने ग्रामीण को मनाने की कोशिश की, लेकिन वे टस से मस तक नहीं हुए। दिनभर ग्रामीण स्कूल के बाहर गेट पर बैठे रहे।
सरकारी स्कूल की जमीन पर कब्जे से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीण स्कूल की चहारदीवारी का निर्माण करने में कब्जे को बाधा मान रहे हैं। इसे लेकर पहले भी दो बार स्कूल पर ताला जड़ा जा चुका है।
अदालत के निर्देश पर स्कूल की जमीन की पैमाइश भी करवाई जा चुकी है, लेकिन ग्रामीण इससे संतुष्ट नहीं हैं। गांव के सरपंच के प्रतिनिधि धर्मपाल सिंह नेे बताया कि इस मसले में डीसी तक से मिल चुके हैं, लेकिन निष्पक्षता कहीं नहीं नजर आ रही है।
ग्रामीणों ने डीईओ से कहा कि जब तक पैमाइश का कार्य निष्पक्षता से नहीं किया जाएगा, वे स्कूल का ताला नहीं खोलेंगे।