बरात में शराब पीने के दौरान अपशब्द बोलने से शुरू हुई कहासुनी में बराह खुर्द गांव निवासी पूर्व फौजी विकास (40) की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप रिश्ते के भाई और उसके दो भतीजों पर लगा है। पुलिस ने भाई अरविंद की शिकायत पर गांव के ही सतीश और उसके दो बेटों अमन और अरुण के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। सतीश और अमन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बराह खुर्द गांव निवासी कृष्ण लाल के बेटे दीपक की सोमवार की रात शादी थी। बरात चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी (सीआरएसयू) के निकट स्थित एक निजी होटल में आई थी। खाने-पीने का दौर चला रहा था। तभी दूल्हे के ताऊ के बेटे विकास की बरात में शामिल परिवार के ही सतीश के साथ कहासुनी हो गई। पुलिस के मुताबिक, विकास ने अपशब्द बोलने पर सतीश को थप्पड़ जड़ दिए। उस समय तो वहां मौजूद अन्य बरातियों ने मामला शांत करा दिया। कुछ देर बाद विकास होटल से बाहर चला गया। सतीश भी वहां पहुंचा और फिर से दोनों में झगड़ा होने लगा।
आरोप है कि सतीश ने अपने बेटे अरुण और अमन को बुला लिया। तैश में आए अमन ने विकास के पैरों और सीने के पास चाकू से तीन वार किए। विकास को घायल हालत में नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां से चिकित्सकों ने उसे गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया। अधिक खून बहने से पीजीआई में विकास ने दम तोड़ दिया।