जिले में खाद को लेकर किस कदर मारामारी है। इसका अंदाजा किसानों की आपसी भिड़ंत को देखकर लगाया जा सकता है। खाद को लेकर नारनौल में शनिवार को दो किसान आपस में भिड़ गए। शनिवार लगभग 12 बजे लाइन को लेकर दोनों में जमकर मारपीट हुई। किसी तरह पुलिस ने मामला शांत करवाया।
जिले में खाद को लेकर बहुत मारामारी हो रही है। खाद को लेकर किसान मारपीट कर रहे हैं। शनिवार लगभग 12 बजे लाइन को लेकर दो युवा किसानों में जमकर लात-घूंसे चले। मौके पर खड़ी पुलिस ने बीचबचाव कर मामला शांत करवाया और दोनों का वहां से भगा दिया। इस दौरान किसी को ज्यादा चोट नहीं आई। ऐसा ही मामला सुबह छह बजे दौंगड़ा में भी हुआ था। वहां भी किसान लाइन को लेकर हाथापाई करने लगे थे। बाद 112 पर डायल कर पुलिस बुलानी पड़ी थी।
मारामारीः खाद के लिए चार बजे ही आ जाते हैं किसान
बता दें कि सुबह चार बजे किसान बिना कुछ खाए-पीए खाद लेने के लिए अनाज मंडी स्थित कोऑपरेटिव सोसायटी के बिक्री केंद्र पर आकर खड़े हो जाते हैं। सुबह 9 बजे तक केंद्र पर भारी भीड़ हो गई थी। व्यवस्था को बनाने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा, लेकिन उसके बाद भी व्यवस्था ठीक से बन नहीं पा रही थी। किसानों में खाद लेने के लिए आगे जाने की होड़ लग रही थी। लोग लाइनों के बीच में घुसने का भी प्रयास कर रहे थे। एक-दूसरे से धक्कामुक्की हो रही थी।
अचानक शुरू हो गई मारपीट
इसी दौरान लाइन में लगने के लिए दो युवाओं में जमकर लात-घूंसे चले। उपस्थित किसानों ने उनको छुड़वाया। दो मिनट बाद दूसरा युवा अपने एक साथी को लेकर आया और दोबारा से फिर मारपीट शुरू हो गई। तभी मौके पर उपस्थित पुलिस ने उनका बीचबचाव किया तथा लाइन से बाहर निकाल दिया।