फतेहाबाद। बहादुरगढ़ में आयोजित दो दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता में आयु वर्ग 11 में फतेहाबाद की जीनत ने 6 में से 5 मैच जीतकर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर जीनत को जिला झज्जर शतरंज एसोसिएशन की ओर से 2500 रुपय व ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
अब जीनत 2-8 अगस्त को महाराष्ट्र के जलगांव में आयु वर्ग 11 लड़कियों की नेशनल शतरंज प्रतियोगिता में हरियाणा राज्य का नेतृत्व करेगी। इस आशाय की जानकारी शतरंज प्रशिक्षक प्रमोद खरबास ने दी है।
बहादुरगढ़ के सेक्टर दो में स्थित केआर मंगलम स्कूल में प्रतियोगिता का समापन हुआ। आयु वर्ग 11 व 17 लड़के-लड़कियों में राज्यस्तर पर यह प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता जिला झज्जर शतरंज संगठन द्वारा हरियाणा शतरंज एसोसिएशन के तहत कराई गई। प्रतियोगिता में प्रत्येक वर्ग में दो-दो खिलाड़ियों का नेशनल के लिए चयन किया गया।
इसी कड़ी में गांव धांगड़ निवासी जीनत ने शतरंज में प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। जीनत क्रिसेंट पब्लिक स्कूल की सातवीं कक्षा की छात्रा है। इसी प्रतियोगिता में फतेहाबाद की रीवानी रंगा को चौथा स्थान प्राप्त करने पर राज्य संगठन ने 1500 रुपये नकद व मेडल से सम्मानित किया गया।
सभी जिलों से 250 खिलाड़ियों ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में भाग लिया। आयु वर्ग 17 लड़कियों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रुबीना रंगा ने पांचवें स्थान पर रहते हुए 1000 रुपये नकद राशि व मेडल, योगिनी चोपड़ा ने आठवें स्थान पर रहते हुए 1000 रुपये नकद व मेडल प्राप्त किया।
आयु वर्ग 11 लड़को में नन्हे युवराज ने सात में से 5 मैच जीते व आयु वर्ग 17 लड़को में मौलिक व रजत ने भी अच्छा खेल दिखाया। वहीं, पंजाब के मोहाली में फतेहाबाद के विनायक वर्मा ने ओपन शतरंज प्रतियोगिता में 1700 रुपये नकद व ट्रॉफी जीती। इसके अतिरिक्त यूपी के गाजियाबाद में फतेहाबाद के कनिष्क कुमार ने ओपन वर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए 2100 रुपये व ट्रॉफी जीती।