भूना। लक्ष्मी अनाज मंडी में वीरवार शाम को जांडली खुर्द गांव के किसान राधेश्याम की जेब से 25,000 की नकदी चोरी हो गई। राधेश्याम अपनी फसल बेचने के बाद आढ़ती रिंकू सिंगला की दुकान पर पहुंचे थे। फसल की राशि के तौर पर उन्हें 25,000 नकद मिले, जिन्हें उन्होंने अपनी जेब में रख लिया। इसी दौरान दो युवक आढ़ती की दुकान के पास खड़े हो गए और किसान के आस-पास मंडराने लगे।
चोरी का पता लगते ही किसान ने तुरंत आसपास तलाश शुरू की लेकिन तब तक दोनों युवक भीड़ का फायदा उठाकर भाग चुके थे। किसान ने घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दोनों युवक किसान की जेब से पैसे निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आढ़ती रिंकू सिंगला ने बताया कि मंडी में इन दिनों काफी भीड़ रहती है, जिसका फायदा उठाकर ऐसी घटनाओं केा अंजाम दिया जा रहा है। जांच अधिकारी ओमप्रकाश बिश्नोई ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार की जाएगी।