गांव अकांवाली के पास असंतुलित होकर पलटी कार का शीशा टूटने से कार सवार युवक निकलकर पुल से सर्विस लाइन पर गिर गया। हादसे में स्वामी नगर निवासी युवक सुरजीत की मौके पर मौत हो गई। वहीं सड़क हादसे में दो साथी घायल हो गए। युवक अपनी बहन से मिलने के लिए डबवाली क्षेत्र के गांव अबूबशहर जा रहा था। मामले में सदर पुलिस पुलिस ने मृतक स्वामी नगर निवासी सुरजीत के परिवार के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की। मामले में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया।
मामले के मुताबिक फतेहाबाद के स्वामी नगर निवासी सुरजीत अपने साथी राजेश और चालक विकास के साथ अपनी बहन से मिलने अबूबशहर जा रहा था। गांव अकांवाली फोरलेन हाईवे पुल पर अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और कार कई पलटें खा गई। इस दौरान गाड़ी में बैठा सुरजीत कार का शीशा टूटने से पुल के नीचे सर्विस लेन पर जा गिरा और मौके पर दम तोड़ दिया। वहीं, कार चालक विकास और उसके साथी राजेश को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना पाकर मृतक सुरजीत के परिजन नागरिक अस्पताल फतेहाबाद पहुंचे। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राय सिंह ने बताया कि सुरजीत अपने साथियों के साथ बहन को मिलने के लिए जा रहा था। फोरलेन हाईवे पुल पर कार का संतुलन बिगड़ गया और कार कई पलटें खा गई। कार का शीशा टूटने से सुरजीत नीचे गिर गया और मौत हो गई। जबकि बाकी दो अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस द्वारा 174 के तहत मामला दर्ज करके जांच की जा रही है।