कोरोना के सामुदायिक संक्रमण को रोकने के लिए शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सैंपलिंग दिवस मनाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले भर में रिकॉर्ड तोड़ 3496 कोरोना के सैंपल लिए। टीमों ने शहर के मुख्य चौकों, गली मोहल्लों में कैंप लगाकर सैंपल लिए। सैंपल को लेकर लोग आनाकानी करते नजर आए लेकिन विभाग की टीम ने मशक्कत के बाद सैंपल के लिए तैयार किया। कई जगह सैंपलिंग को लेकर कहासुनी भी हुई लेकिन बावजूद इसके आम दिनों की तुलना में चार गुना ज्यादा सैंपल लेने में विभाग सफल रहा। फतेहाबाद में 677 तो टोहाना में सबसे ज्यादा 908 सैंपल लिए गए। भूना, जाखल और भट्टूकलां की तुलना में बड़ोपल में सबसे ज्यादा सैंपल लिए गए।
24 घंटे में 21 नए मामले आए : जिले में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में कमी आई है। शनिवार को जिले में 24 घंटे में कोरोना संक्रमण 21 नए मामले सामने आए हैं और 47 ठीक हुए हैं। कुल आंकड़ा 4227 तक हो गया है। इसमें 377 मरीज सक्रिय हैं। जिले में 99 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक फतेहाबाद की सतीश कॉलोनी 32 वर्षीय युवक, उतहसील चौक निवासी 36 वर्षीय युवती, गांव पीलीमंदोरी निवासी 20 वर्षीय युवक, टोहाना की गीता कॉलोनी निवासी 51 वर्षीय अधेड़, टोहाना के राइस मिल पर कार्यरत 35 वर्षीय युवक, गांव सुलीखेड़ा निवासी 60 वर्षीय वृद्वा, गांव हंसेवाला निवासी 25 वर्षीय युवक, गांव हिजरावां खुर्द निवासी 35 वर्षीय युवक, प्रोफेसर कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित मिला है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मिलकर शहर और गांवों में कैंप लगाकर करीब साढ़े तीन हजार सैंपल लिए है। शनिवार को कोरोना सैंपलिंग दिवस मनाया गया। लोगों को खुद सैंपल करवाने के लिए आगे आना चाहिए। - डॉ.मेजर शरद तुली, नोडल अधिकारी, फ्लू क्लीनिक।
शनिवार को कोरोना सैंपलिंग दिवस मनाया गया। लोगों को जागरूक करके सैंपल लिए गए हैं। सैंपल को लेकर लोगों को घबराना नहीं चाहिए बल्कि खुद आगे आना चाहिए। इसी से हम संक्रमण फैलने से रोक सकते हैं। - डॉ.मनीष बंसल, सिविल सर्जन।