फतेहाबाद। मेडिकल नशा बेचने के मामले में थाना शहर फतेहाबाद पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान रोशन लाल निवासी न्यू सलीमपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पूछताछ में सामने आया है कि दिल्ली से प्रतिबंधित गोलियों को लाकर क्षेत्र में सप्लाई करता था। इसकी एवज में मोटा मुनाफा कमाता था। दिल्ली से सस्ते भाव में लाकर यहां बेची जा रही थी। एक बार में करीब 10 हजार रुपये मुनाफा कमा लेता था।
एचएसएनसीबी फतेहाबाद प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने 22 अगस्त को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने भूना रोड, फतेहाबाद पर ऑटो मार्किट के सामने से मोटरसाइकिल सवार युवक को प्रतिबंधित गोलियों सहित गिरफ्तार किया था। पकड़े गए युवक की पहचान रोहित निवासी अशोक नगर फतेहाबाद के रूप में हुई थी। पुलिस ने उसके पास से 990 गोलियां बरामद की थी। इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप कुमार ने युवक से पूछताछ के आधार पर उसे नशीली गोलियां सप्लाई करने के आरोपी रोशन लाल को गिरफ्तार किया है।