टोहाना। सरकारी बस स्टैंड से डिफेंस कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं को निजी बसों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्राओं द्वारा इन समस्याओं को लेकर रोडवेज विभाग के अड्डा इंचार्ज, महाप्रबंधक को पत्र लिखा गया, लेकिन कोई हल नहीं हो पाया है। इससे आक्रोशित छात्राओं ने अब मुख्यमंत्री नायब सैनी से समस्या पर गंभीरता दिखाने की मांग की है।
छात्रा खुशविंद्र, भतेरी, प्रीति, निशा, पूजा, ज्योति, अंजली, मनीषा, गगनप्रीत, कोमल, मुस्कान, रितु, शिवानी, उषा ने कहा कि वे भूना रोड स्थित डिफेंस कॉलेज में शिक्षा ग्रहण करने के लिए जाती है। इस रूट पर चलने वाली निजी बसों के चालक बस को कॉलेज के आगे नहीं रोकते। बस को गांव अमानी में रोका जाता है। उन्होंने कहा कि 2 किलोमीटर दूर वापस कॉलेज में पैदल आना पड़ता है। जब वे वापस आती है तो असामाजिक तत्व अश्लील टिप्पणियाें का प्रयोग करते हैं, जिससे उनका पैदल आना मुश्किल हो जाता है तथा वे असुरक्षित महसूस करती हैं। उन्होंने कहा कि वे इस मांग को लेकर उच्च अधिकारियों को ज्ञापन भेज चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। इसलिए अब परिवहन विभाग के मंत्री अनिल विज व सीएम नायब सैनी से समस्या का हल करने की मांग की है।
इस रोड पर निजी बस चालकों द्वारा मनमानी करने की शिकायतें आती हैं, जिन्हें उच्च अधिकारियों को भेज देते हैं। इन सभी पर कार्रवाई आरटीए सचिव ही कर सकते हैं, जिनके संज्ञान में पूरा मामला है।
-सुरेश दहिया, डीआई, टोहाना बस स्टैंड।