फतेहाबाद। शहर के एक मोहल्ला निवासी 13 वर्षीय छात्रा को स्कूल छोड़ने के बहाने दुष्कर्म करने के मामले में महिला थाना पुलिस ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। राहुल की उम्र 22 वर्ष है, पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। यहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
पुलिस को दी शिकायत में मां ने बताया था कि उसकी बेटी ने गणतंत्र दिवस समारोह के पीटी शो में भाग लिया हुआ था, जिसके लिए वह सुबह घर से स्कूल के लिए निकल गई थी। दोपहर साढ़े 12 बजे वह रोते हुए घर आई तो उसने कारण पूछा। उसने बताया कि मोहल्ले में रहने वाले आरोपी युवक ने उसे स्कूल छोड़ने की बात कहकर अपने बाइक पर बैठा लिया। युवक उसे स्कूल ले जाने की बजाए भट्टू रोड पर एक मकान में ले गया और उसके साथ जबरन गलत काम कर दिया। महिला थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग ने बताया कि आरोपी युवक को काबू कर लिया गया है और उसे कोर्ट में पेश किया गया। यहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।