भट्टू कलां। ग्राहक बनकर आए दो युवकों ने दुकानदार के मोबाइल फोन से धोखाधड़ी कर छह हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में सुमेर सिंह निवासी चुली बागड़ियान जिला हिसार ने बताया कि उसकी भट्टूमंडी की अग्रवाल धर्मशाला की दुकानों में राधा स्वामी स्पेयर पार्ट के नाम से दुकान है। वह 2 मई को अपनी दुकान पर बैठा था तो दो युवक उसकी दुकान पर एक लीटर मोबिल तेल लेने आए।
मोबिल देने के बाद एक युवक ने उसे अपने फोन में स्क्रीनशॉट दिखाया और कहा कि आपको पैसे भेज दिए हैं। जब उसने अपने खाता की जांच की तो युवकों की ओर से भेजी गई कोई राशि खाते में नहीं आई थी। उसी दौरान दोनों लड़कों ने कहा कि पैसे भेज दिए हैं। इसके बाद उन्होंने दुकानदार का मोबाइल फोन मांगा।
दुकानदार ने उन पर विश्वास कर लिया और फोन उन लड़कों को दे दिया। दोनों लड़कों ने उसके फोन पे एप से छह हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद युवकों ने कहा कि पे फोन एप में नेटवर्क की समस्या है, इसीलिए भेजी हुई राशि आपके खाते में नहीं है।
इस पर दुकानदार ने अपना एक लीटर मोबिल तेल वापस रख लिया। कुछ समय बाद जब दुकानदार ने अपने मोबाइल पर फोन पे खाता चेक किया तो उसे पता चला कि उन लड़कों ने उसके फोन पे खाता से छह हजार रुपये धोखाधड़ी से ट्रांसफर किए हैं। बाद में दुकानदार ने इसकी ऑनलाइन शिकायत की। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।