फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सात हजार योगियों का मंगल योग

Wed, 22 Jun 2016 12:54 AM IST
fatehabad
विज्ञापन
एमएम कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में योगाभ्यास करते नागरिक व स्कूली बच्चे। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मंगलवार को पूरा जिला योग के रंग में रंगा नजर आया। आम से लेकर खास और बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हर कोई उत्साह में नजर आया। तकरीबन सात हजार से अधिक योगियों ने दर्जन भर कार्यक्रमों में ‘मंगल’ योग किया। अकेले फतेहाबाद में तीन हजार से अधिक साधकों ने योग क्रियाएं कीं।
विज्ञापन


जिला प्रशासन की ओर से जिला मुख्यालय एवं रतिया-टोहाना के खंड मुख्यालय पर योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इन सभी जगहों पर आयुष विभाग एवं पतंजलि योगपीठ के कार्यकर्ता ही आम नागरिकों एवं अधिकारियों को योग के गुर सिखाते नजर आए। योग कार्यक्रमों में नौजवान साधकों के साथ-साथ बुजुर्ग पुरुष और महिलाएं भी योग करने पहुंची। इसके अलावा छह से दस साल तक के बच्चों ने योग की अलख जगाई। हालांकि, जिले के तीन में से दो इनेलो विधायकों ने इन योग कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखी। फतेहाबाद के विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने प्रदेश सरकार पर योग का राजनीतिकरण करने का आरोप भी जड़ा। दूसरी, ओर टोहाना के विधायक एवं बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने चंडीगढ़ में पीएम मोदी एवं सीएम मनोहर लाल के साथ योग किया। जिला प्रशासन के मुताबिक, सभी विधायकों को योग दिवस समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया था।

फतेहाबाद में डीसी और भाजपा जिलाध्यक्ष ने संभाली कमान
फतेहाबाद में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में दूसरा जिलास्तरीय योग दिवस समारोह स्थानीय एमएम कालेज में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि उपायुक्त एनके सोलंकी रहे, जबकि अध्यक्षता एसडीएम संतलाल पचार ने की। भाजपा जिलाध्यक्ष वेद फुलां विशिष्ट अतिथि रहे। पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी मदन गोपाल आर्य एवं योग प्रशिक्षका अंबिका पाटा ने अधिकारियों एवं मैदान में मौजूद हजारों लोगों को योग प्रोटोकॉल के सभी आसन करवाए।
विज्ञापन



समारोह को संबोधित करते हुए डीसी सोलंकी ने कहा कि योग प्राचीन भारतीय परंपरा एवं संस्कृति की अमूल्य देन है। योग अभ्यास शरीर मन, विचार एवं कर्म, आत्मसंयम एवं पूर्णता की एकात्मकता तथा मानव एवं प्रकृति के बीच सामंजस्य प्रदान करता है। बीजेपी के जिला प्रधान वेद फूलां ने कहा कि योग कर्म योग को बढ़ाने में ऊर्जा प्रदान करता है। इस मौके पर आयुष विभाग के अधिकारी डॉ. धर्मपाल पूनिया, पतंजलि के जिला योग प्रभारी मदन गोपाल आर्य, योग विशेषज्ञ अंबिका पान्टा, रमेश कामरा ने योग की जानकारी दी।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ओपी नरवाल, डीआरओ बिजेंद्र भारद्वाज, डीडीपीओ राजेश खोथ, सीएमओ डॉ. एके चौधरी, डीईईओ कृष्णा सिहाग, डीएफएससी केके मल्हान, डीएसओ सुबे सिंह बैनीवाल, डीएफओ नरेश रंगा, ईओ ओपी सिहाग, डीडीए बलवंत सहारण,  नप चेयरमैन दर्शन नागपाल, बीजेपी के प्रवीन जोड़ा, मदन गोपाल आर्य सहित योग प्रशिक्षक व बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, शहरवासी, विभिन्न गांवों के पंच-सरपंच, जिप सदस्य, ब्लॉक समिति सदस्य, विभिन्न वार्डों के पार्षद मौजूद रहे।

मांगे राम ने 64 मिनट तक शीर्षासन कर बनाया रिकॉर्ड
एमएम कालेज प्रांगण में साधक मांगेराम ने पूरे कार्यक्रम के दौरान शीर्षासन किया। उन्होंने लगभग 64 मिनट तक शीर्षासन की मुद्रा में रहकर स्थानीय रिकार्ड बनाया। मांगेराम के शीर्षासन की वीडियोग्राफी भी करवाई गई। अब जिले के अधिकारी यह पता करने में जुटे हैं कि क्या मांगेराम से पहले भी किसी ने इस प्रकार का कोई रिकार्ड बनाया है।

बसों की छतों पर चढ़कर वापस गए विद्यार्थी
जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में वैसे तो सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से की गई थी, लेकिन समारोह के बाद गांवों से आए विद्यार्थियों को वापस जाने के लिए रोडवेज की स्पेशल बसों में पर्याप्त जगह नहीं मिली। ऐसे में कई विद्यार्थी बसों की छतों पर चढ़कर गांव लौटे। विद्यार्थियों ने कहा कि वापस जाने के लिए प्रशासन की ओर से कोई इंतजाम नहीं किया गया था।

टोहाना में भी हजारों लोगों ने किया योग
टोहाना। जीवन की जिज्ञासा का समाधान करने वाले छह दर्शनों में से एक योग है। भारत के ऋषि-मुनियों ने मन व आत्मा को शुद्ध रखने तथा मोक्ष की प्राप्ति के लिए जिस पद्धति को ईजाद किया, उसे विश्व पंचायत यानी संयुक्त राष्ट्र के 200 सदस्य देशों ने मान्यता दी है। यह एसडीएम सतीश कुमार ने स्थानीय अनाज मंडी में अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि यह बात कही। कार्यक्रम में दो से ढाई हजार प्रतिभागी शामिल हुए।

योग प्रशिक्षक राजेश वर्मा, राधेश्याम, सतीश कुमार, बहन मंजूषा व बजरंग मॉडल स्कूल की छात्राओं हरपिंद्र व दीपिका ने अंतर्राष्ट्रीय प्रोटोकॉल के तहत 60 मिनट की योग क्रियाएं व प्राणायाम करवाए। इस मौके पर नायब तहसीलदार महाबीर सिंह, रमेश कुमार, एक्सईएन विनोद सरोहा, नप के कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार, सचिव संदीप सोलंकी आदि मौजूद रहे।

रतिया : दो हजार साधकों ने एक साथ किया योग
रतिया। पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के सहयोग से उपमंडल प्रशासन की ओर से आयुष एवं खेल विभाग के सौजन्य से स्थानीय अनाज मंडी में योग दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग दो हजार लोगों ने एक साथ योगासन किए। समारोह में एसडीएम पूजा चौवरिया मुख्यातिथि रहीं। एसडीएम चौवरिया ने कहा कि आज पूरे देश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। दुनिया में भारत को योग गुरू माना गया है। कार्यक्रम में तहसीलदार पृथ्वी सिंह गोदारा, एसएमओ डॉ. विजय जैन, पीआर संदीप चित्रा, बीईओ रमेश दहिया, एसएचओ रूपेश चौधरी, सीडीपीओ सुषमा भाटिया सहित विभिन्न संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।

राजकीय महाविद्यालय के कैडेट्स ने किया योगाभ्यास
भट्टूकलां। राजकीय महाविद्यालय भट्टूकलां में योग दिवस पर एनसीसी व एनएसएस कैडेटस ने योगाभ्यास किया। निरंजन शर्मा व अनिल सांई ने कैडेट्स और स्टाफ सदस्यों को प्रोटोकॉल के तहत योगाभ्यास करवाया। महाविद्यालय प्राचार्य वजीर सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर एनसीसी ऑफिसर ले. दिनेश कुमार, एनएसएस ऑफिसर राजेंद्र सेवदा, विनोद बैनिवाल, राजेंद्र रंगा, जितेंद्र, रामकुमार आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें