हिसार से डबवाली तक बन रहे फोरलेन हाइवे के बीच माजरा रोड़ पर ओवर ब्रिज न बनाए जाने पर लगभग 10 गांवो के लोगों के सामने संकट खड़ा हो गया है। इसी विरोध मे मंगलवार को आधा दर्जन गांवो के ग्रामीणों ने माजरा रोड़ पर निर्माणाधीन फोरलाइन हाइवे का काम रोक दिया और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक काम रोके रखा। इसी दौरान हाइवे से गुजर रहे नेशनल हाइवे प्रोजेक्ट डायरेक्टर आरके राठी ने ग्रामीणों की बात सुनी और ओवर ब्रिज बनाए जाने पर असमर्थता जताई। जिसके बाद ग्रामीणों को हुडा चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह ने समझाया और ग्रामीण चेतावनी देते हुए वापिस लौट गए कि उनकी मांग न मानी तो विरोध तेज करेंगे।
बस्ती भीमां, ढ़ाणी बीकानेरी, बोसवाल, रजाबाद, भिरड़ाना सहित 10 के करीब गांवो के लोग माजरा रोड़ से होते हुए फतेहाबाद पहुंचते है। धर्मबीर फौजी के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि इस रोड़ से एक दर्जन के करीब सैकड़ों लोग रोजाना फतेहाबाद आते हैं। हिसार से डबवाली जा रहे फोरलेन को नेशनल हाइवे ने इस सड़क को हल्के में लिया है। इस पर सीधी सड़क गुजारी गई है।
कोई ओवरब्रिज नहीं बनाया गया है जिससे आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत होगी यहां तक कि हादसा भी हो सकता है। मौके से गुजर रहे प्रोजेक्ट डायरेक्टर आरके राठी ने ग्रामीणों को बताया कि इस मार्ग पर ओवरब्रिज बनाया जाना उनके हाथ में नहीं है ऊपर से मंजूरी नहीं मिली है जिसके चलते वह ओवरब्रिज नहीं बना सकते। हुडा चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह ने ग्रामीणों को समझाया कि काम रोकने की बजाए इस बारे में उच्च अधिकारियों से बात करना ठीक रहेगा। इस बार ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि वह इसको लेकर विरोध तेज करेंगे जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती।