फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: रोडवेज बसों में महिलाओं का फ्री रहा सफर पर निजी में कटी टिकट

Fri, 08 Aug 2025 11:21 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
बस में बैठते यात्री। संवाद
विज्ञापन
फतेहाबाद। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं और 15 साल तक के बच्चों के लिए मुफ्त बस यात्रा शुक्रवार दोपहर 12 बजे से शुरू हो गई। हालांकि, यह सुविधा केवल हरियाणा रोडवेज की बसों में ही उपलब्ध हुई, परिवहन समिति की बसों में महिलाओं को टिकट लेनी पड़ी।
विज्ञापन

माना जा रहा है कि सरकार की ओर से योजना शुरू के बाद पहली बार ऐसा हुआ कि महिलाओं को परिवहन समिति की बसों में टिकट कटवानी पड़ी। जिससे कई महिलाएं नाराज दिखीं। फतेहाबाद में महिलाएं परिवहन समिति की बसों में परिचालकों से उलझती हुई नजर आईं। इसके चलते परिवहन समिति की बसों में परिचालकों को गंतव्य की तरफ जाने से पहले टिकट कटने के बारे में बताना पड़ा।
रोडवेज के अधिकारियों के अनुसार, जिले में करीब 190 बसें चलाई गईं ताकि महिलाओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा, हिसार, सिरसा, रतिया, टोहाना और भट्टू जैसे प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें भी चलाई गईं, जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। इसके अलावा, सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया था।
विज्ञापन

सुरक्षा के लिए बस स्टैंड पर पुलिस की टीमें भी तैनात रहीं रोडवेज के कर्मचारियों ने यह सुनिश्चित किया कि महिलाएं सुरक्षित और आराम से यात्रा कर सकें।


रोडवेज ने की पूरी तैयारी



महिलाओं को मुफ्त यात्रा के दौरान कोई दिक्कत न हो इसको लेकर रोडवेज ने पूरी तैयारी कर रखी है। फतेहाबाद के संस्थान प्रबंधक सुभाष ढांड ने बताया कि महिलाओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। बसों की संख्या बढ़ाई और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया। परिचालकों को भी इस बारे में साफ निर्देश दिए गए है कि वे किसी भी महिला यात्री से किराया न लें और उनके साथ अच्छा व्यवहार करें।

-

जिस रूट की ज्यादा होंगी सवारी, वहां भेजी जाएंगी बस

शनिवार को रोडवेज प्रशासन की ओर से जिस रूट पर अधिक सवारियां होंगी, वहीं बसें भेजने की व्यवस्था की गई है। खासकर, ग्रामीण रूटों पर बसों का आना-जाना पुराने बस स्टैंड से होगा। यहीं से प्राइवेट बसें भी मिलेंगी। ग्रामीण रूटों पर अधिक भीड़ रहने की संभावना है इसलिए यहां कर्मचारियों को बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।



-

रोडवेज बसों में खुशी, निजी बसों से शिकायत

बस स्टैंड पर कई महिलाएं अपने परिवार के साथ यात्रा करती दिखीं। इस दौरान फतेहाबाद से रतिया, टोहाना, भूना, भट्टू, जाने वाली महिलाओं को जाने में परेशानी हुई क्योंकि इन रूटों पर करीब 50 प्रतिशत बसें परिवहन समिति की चलती हैं। जिस कारण महिलाएं उस बस में बैठ जाती लेकिन उसके बाद जैसे ही परिचालक टिकट काटने के लिए पैसे मांगता तो महिलाएं सवाल-जवाब करती नजर आईं। जिस कारण इन रूटों पर रोडवेज बसों में भीड़ रही। वहीं परिवहन समिति की बसों में खाली सीटें रहीं।

-

टिकट लेकर यात्रा करने वालों को हुई दिक्कत

फतेहाबाद से यमुनानगर जाने वाले एक परिवार का कहना था कि वे काफी समय से बस का इंतजार कर रहे हैं। यमुनानगर जाने के लिए दो से तीन बसें आई है, लेकिन उनमें ज्यादा भीड़ होने के कारण जगह नहीं है। बसों में फ्री यात्रा करने वालों काे सीट मिल रही है लेकिन जिन्होंने टिकट लेकर यात्रा करनी है, उनके लिए बस में खड़े होने तक जगह नहीं है।



फतेहाबाद से टोहाना अपने भाई के घर जा रही हूं। परिचालक की ओर से टिकट नहीं काटी गई। सरकार का अच्छा फैसला है। लेकिन निजी बस में सफर करने के लिए पैसे मांग रहे हैं। सरकार को निजी बसों में भी सफर मुफ्त करवाना चाहिए।
विज्ञापन


- संतोष रानी।



फतेहाबाद से अपने भाई को राखी बांधने के लिए भूना जा रही हूं। काफी समय तक बस का इंतजार किया, लेकिन नहीं आई।

- शकुंतला रानी।

-

प्राइवेट बसों में भी सुविधा फ्री होनी चाहिए। गांवों के रूट पर रोडवेज बसें नहीं है। सरकार को इस तरफ ध्यान देना चाहिए।

- अनीता
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें