टोहाना। बलियाला हेड के निकट राजस्थान नहर के साइफन में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पहुंची शहर पुलिस व नवजोत ढिल्लो की टीम ने शव को बाहर निकाला। शव निकालने के लिए रेस्क्यू टीम के सदस्य सुमित, पराग, सोनू, नहर में उतरे, लेकिन साइफन में पानी के अत्यधिक घुमाव और तेज बहाव के चलते शव आगे चला गया।
नवजोत ढिल्लो की टीम और पुलिस ने नहर में रस्सी डालकर शव को हेड से थोड़ी दूरी पर बाहर निकाल लिया। नवजोत ने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखकर शव करीब चार पांच दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। मृतका की उम्र 28 से 32 वर्ष के बीच लग रही है। पीले रंग के कपड़े डाले हुए हैं। उसने दोनों हाथों में एक-एक कांच वाली चूड़ी है, जिसमें मोती लगे हुए हैं। पैर की उंगलियों में गुलाबी रंग की नेल पॉलिश लगाई हुई है। शहर थाना प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि शव को निकलवा कर पहचान के लिए 72 घंटे तक नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।