नगर पालिका कार्यलय में रोष जताते कर्मचारीस्त्रोत संघ
- फोटो : सांकेतिक
जाखल। नगर पालिका कर्मचारियों ने सरकारी कार्य में बाधा और अभद्र व्यवहार के विरोध में शुक्रवार को कार्यालय परिसर में रोष प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि मीना बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम के साथ गाली-गलौज की गई और काम रुकवाने की कोशिश हुई। घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने जाखल थाने में शिकायत देकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
शहर निवासी राजेश मौर्य ने अतिक्रमण की शिकायत नगर पालिका कार्यालय में दी थी। इसी आधार पर नगर पालिका की टीम मीना बाजार पहुंची। कार्रवाई के दौरान रमेश कुमार और पप्पू गोयल पर कर्मचारियों से अभद्र भाषा में बात करने और सार्वजनिक रूप से गालियां देने का आरोप है। कर्मचारियों का कहना है कि जानबूझकर काम में रुकावट डाली गई, जिससे उनकी गरिमा आहत हुई। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने थाने में शिकायत दे सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग की। पुलिस ने कर्मियों को मामले की जांच का भरोसा दिया है।
नगर पालिका सचिव प्रवीण कुमार ने बताया कि एक शिकायत पर नगर पालिका के कर्मचारी अतिक्रमण की कार्रवाई करने के लिए गए थे, परंतु वहां पर उक्त व्यक्तियों ने कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया व सरकारी काम में बाधा डाली है। इस बारे में थाना जाखल में शिकायत दी गई है। कर्मचारियों के साथ किसी भी तरह की अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।