फतेहाबाद। हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन डॉ. रविंद्र बलियाला ने वीरवार को फतेहाबाद पुलिस लाइन में जनसुनवाई कार्यक्रम में अनुसूचित जाति के लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान आयोग बलियाना ने 54 शिकायतें सुनी।
जनसुनवाई कार्यक्रम में पुलिस की कार्यप्रणाली से चेयरमैन नाराज नजर नहीं आए। चेयरमैन ने कुछ मामलों की सुनवाई के लिए पुलिस अधिकारियों को पूरे साक्ष्यों के साथ आयोग के कार्यालय में बुलाया है। दूसरी तरफ आयोग के सामने काफी लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर संतुष्टि भी जताई है। सुनवाई के दौरान कुछ मामले ऐसे भी रहे कि शिकायतकर्ता को बिना बताए ही पुलिस की ओर से केस बंद कर दिया गया।
इस पर चेयरमैन ने कहा कि वे हैरान हैं कि ऐसा कैसे हो सकता है। उपायुक्त मनदीप कौर, पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया, नगराधीश गौरव गुप्ता, डीएसपी नर सिंह, जगदीश काजला, कुलवंत सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्रोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में नहीं पहुंचे एसपी तो फाेन कर बुलाया
फतेहाबाद पुलिस लाइन में आयोजित हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की ओर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जब चेयरमैन पहुंचे तो वहां पर पुलिस अधीक्षक नहीं पहुंचे। इस पर चेयरमैन ने उपायुक्त मनदीप कौर से बात की। जिसके बाद मुख्यालय डीएसपी कुलवंत सिंह को एसपी से बात करवाने के लिए बोला गया। जिसके बाद एसपी सिद्धांत जैन को बैठक में आने के लिए बोला गया। फोन करने के करीब 20 मिनट के बाद एसपी जैन बैठक में पहुंचे।
डीएसपी बोले मेरी नई ज्वाईनिंग, चेयरमैन बोले डीएसपी बदलें है दफ्तर वहीं है
बैठक में कुछ मामलों की सुनवाई के दौरान चेयरमैन जब डीएसपी उमेद सिंह से जवाब मांग रहे थे तो वे बोले शिकायत व केस दोनों पुराने हैं, मुझे इस मामले का नहीं पता। पुराने डीएसपी की ओर से जांच की गई है, तो चेयरमैन ने सीधा जवाब दिया कि आप बदल कर आए हैं पर दफ्तर तो वहीं है और केस के कागज भी उसी कार्यालय में हैं। जन सुनवाई कार्यक्रम में आयोग के वाइस चेयरमैन विजेंद्र बडगुज्जर, सदस्य रतनलाल बमनिया, मीना नरवाल और पारा राम भी मौजूद रहे।