फतेहाबाद। गांव बड़ोपल में होटल पर खड़े फौज के वाहन से डीजल निकालने का मामला सामने आया है। रोडवेज बस चालक ने होटल कर्मचारी को चोरी करते हुए पकड़ा। उसने रोडवेज चालक पर ही हमला कर दिया। मामले को लेकर चालक कृष्ण कुमार की शिकायत पर होटल स्टाफ पर मारपीट और चोरी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में चालक कृष्ण कुमार ने बताया कि वह ट्रेनिंग स्कूल भूना में तैनात है। जब वह भूना से फतेहाबाद जाते समय अग्रोहा रूट पर था तो बड़ोपल क्षेत्र के एक होटल पर फौज का वाहन खड़ा था और उससे डीजल निकाला जा रहा था। जब उसने विरोध किया तो होटल के कर्मचारी ने उसपर हमला कर दिया। इस दौरान बस में ट्रेनिंग ले रहे लड़कों ने उसे छुड़वाया। इस दौरान होटल के कर्मचारी ने कहा कि आप कुछ नहीं बिगाड़ सकते हैं और वह पुलिस प्रशासन को 35 हजार रुपये मंथली देते हैं। इसके बाद होटल वाले ने अन्य लड़कों को बुला लिया। इसपर उसने डायल 112 को सूचना दी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।