फतेहाबाद। रविवार को जिले की अनाज मंडियों में व खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद बंद रही। इस दौरान अनाज मंडियों में गेहूं की उठान का कार्य जारी रहा। इससे गेहूं के बैगो से अटी मंडी से आढ़तियों को राहत मिली है।
रविवार को जिले के सभी खरीद केंद्रों और अनाज मंडियों से कुल 3,90,800 क्विंटल गेहूं की उठान का कार्य हुआ। खरीद बंद होने से गेहूं की लिफ्टिंग कर रहे मजदूरों का काम प्रभावित नहीं हुआ। इससे अन्य दिनों की तुलना में रविवार को उठान में तेजी आई है। बता दें कि जिला प्रशासन की ओर से सप्ताह में सोमवार से शनिवार तक गेहूं की खरीद की जा रही है। रविवार के दिन अनाज मंडियों में खरीद बंद करने के निर्देश दिए हैं। इससे मंडियों में कोई भी किसान गेहूं की फसल लेकर नहीं पहुंचा। मंडी में उठान कर रहे मजदूरों ने बताया कि खरीद के दौरान उठान करने में गाड़ी खड़ी करने की पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती है, इससे लदान में अधिक समय लगता है।
जिले में अभी तक हुई गेहूं की खरीद
जिले में अभी तक कुल गेहूं की आवक 33,40,820 क्विंटल हुई है, जिसमें से खरीद 23,47,730 क्विंटल हुई है। जिले में अभी तक 10,14,710 क्विंटल का गेहूं की उठान का कार्य हुआ है। वहीं जिले की अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों पर 23,26,110 क्विंटल की उठान का कार्य के किए जाने का काम बाकी है। उठान प्रक्रिया धीमी होने के कारण जिले के 17,218 किसानों को गेहूं की फसल का भुगतान हो चुका है। अभी 20,307 किसान गेहूं के फसल के भुगतान का इंतजार कर रहे हैं।
:: जिले की अनाज मंडियों में रविवार को गेहूं खरीद का कार्य बंद रहा है, लेकिन उठान कार्य जारी रहा है। मंडी में आढ़तियों व किसानों को परेशानी ना हो इसके लिए उठान कार्य में और अधिक तेजी लाई जाएगी.
-यशपाल मेहता, मार्केट कमेटी सचिव, फतेहाबाद।