फतेहाबाद। गेहूं की बिजाई का सीजन शुरू होने के बावजूद किसानों को सरकारी खरीद केंद्रों पर बीज उपलब्ध नहीं हो रहा, जिस कारण गेहूं की बिजाई में विलंब हो रहा है। बीज उपलब्ध करवाने वाली नेशनल सीड्स कार्पोरेशन (एनएससी) का कहना है कि कृषि विभाग इसकी अनुमति नहीं दे रहा, जबकि कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हो सकता एनएससी के पास सरकार की हिदायतों के अनुरुप बीज उपलब्ध ना हो जिस कारण एनएससी को कृषि विभाग से अनुमति नहीं मिली, लेकिन कृषि अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि अभी गेंहू की बिजाई को एक माह पड़ा है और ऐसे में बीज उपलब्ध करवाने में कोई दिक्कत नहीं आएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले मेें गेहूं का बीज सरकारी दरों पर उपलब्ध करवाने वाली नेशनल सीड्स कार्पोरेशन के फतेहाबाद, भूना, टोहाना व रतिया के चार सेंटर हैं। इन पर सरकारी अनुदान राशि प्राप्त गेहूं का बीज 2350 रुपये प्रति क्विंटल मिलता है, जबकि इसका बाजार मूल्य 2650 रुपये प्रति क्विंटल है। बीते वर्ष इसी समय तक जिले में 60 हजार थैले गेहूं के बीज के उपलब्ध हो गए थे। इस बार अभी तक मात्र 20 हजार गेंहू के बीज के थैले ही उपलब्ध हो चुके हैं, यानि जिले के चारों सेंटरों पर अभी तक मात्र ढाई से 3 हजार बैग ही बीज के आ पाए है, जबकि बीते वर्ष यह प्रति केन्द्र 7 हजार थे। गांव चंद्रावल के किसान राजकुमार का कहना है कि वह दो दिन से एनएससी के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसे बीज न मिलने की बात कही जा रही है। ऐसे ही गांव हसंगा के कुलदीप सिंह ने बताया कि उसने धान की कटाई कर ली है और गेहूं बिजाई के लिए जमीन छोड़ रखी है, लेकिन उसे बीज नहीं मिल रहा। जबकि बाजार में यह सरकारी दरों से 300 रुपये ज्यादा के भाव में मिल रहा है। भट्टू के बलदेव सिंह ने कहा कि वह फतेहाबाद के दो चक्कर लगा आया है, लेकिन हर बार उसे कल आने की बात कहीं जा रही है।
वर्जन
कृषि विभाग से बीज की अनुमति मांगी गई है, लेकिन अभी तक अनुमति नहीं मिली है, जिस कारण केंद्रों पर बीज भेजने में दिक्कत आ रही है। अनुमति मिलते ही केंद्रों पर बीज भेज दिया जाएगा।
- राजपाल, एरिया मैनेजर एनएससी हिसार
केंद्र सरकार ने 10 वर्ष पूर्व से पुराने बीज बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। हो सकता है कि एनएससी को इसी कारण गेहूं के बीज की अनुमति न मिली हो, लेकिन गेहूं की बिजाई का समय पड़ा है। ऐसे में उम्मीद है कि बीज केंद्रों तक पहुंच जाएगा।
बलवंत सिंह सहारण, कृषि उपनिदेशक फतेहाबाद