संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद/टोहाना। प्रदेश सरकार की ओर से खरीद प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू कर दी गई है। मगर पहले दिन सातों अनाज मंडी और 44 खरीद केंद्रों पर कहीं भी गेहूं की फसल लेकर किसान नहीं आए। हालांकि, सरसों की खरीद जारी है। किसानों को 6400 रुपये तक सरसों के भाव मिले हैं। मार्केट कमेटी प्रशासन का मानना है कि किसानों का अभी फसल कटाई पर जोर है। एक सप्ताह बाद ही गेहूं की आवक बढ़ेगी। खरीद एजेंसियों की ओर से प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। गांवों में बने खरीद केंद्रों पर भी सुविधाएं बढ़ाई जा रही है। हालांकि, किसानों को मंडी में गेहूं लाने के लिए प्रशासन द्वारा मैसेज भेजा जाएगा। जिले में इस बार गेहूं की खरीद का कार्य खाद्य आपूर्ति विभाग, हैफेड, हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन और भारतीय खाद्य निगम द्वारा किया जाएगा।
गेहूं व अन्य फसली अवशेष जलाने पर धारा 144 के तहत प्रतिबंध
जिले की सीमा के भीतर गेहूं व अन्य फसलों की कटाई के बाद बचने वाले तूड़ी व अवशेषों को जलाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिलाधीश प्रदीप कुमार ने धारा 144 के अंतर्गत जारी आदेशों में कहा है कि गेहूं व अन्य फसलों के अवशेष जलाने से पर्यावरण प्रदूषण होता है। मनुष्य के स्वास्थ्य सहित अन्य संपत्ति की भी हानि होती है। इसलिए जिला के सीमा के भीतर ये अवशेष जलाने पर पूर्णरूप से प्रतिबंध रहेगा। जिलाधीश ने कहा कि किसान अवशेषों को न जलाकर पशुओं के लिए तूड़ा आदि बनवाए ताकि चारे में कमी न आए। कोई व्यक्ति इन आदेशों की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 संपठित वायु एवं प्रदूषण अधिनियम 1981 के तहत दंड का भागी होगा। ये आदेश आगामी 31 मई तक प्रभावी रहेंगे।
टोहाना में एसडीएम ने किया खरीद केंद्रों का निरीक्षण
टोहाना की एसडीएम डॉ. चिनार चहल ने शुक्रवार को धारसूल व नन्हेड़ी के खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने गेहूं खरीद प्रबंधों को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी व खरीद केंद्र पर किसानों को फसल बेचने में कोई दिक्कत न आए इसके लिए अधिकारी समय रहते खरीद प्रक्रिया से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंधों को पुख्ता कर लें। उन्होंने कहा कि सभी आढ़तियों को तिरपाल, झारना आदि की पुख्ता व्यवस्था रखने बारे कहें, ताकि बाद में किसी प्रकार की कोई परेशानी न आए। गेहूं की आवक के साथ ही उसका उठान सुचारु रूप से हो, इसके लिए मंडी में ट्रांसपोर्टेशन से जुड़े लोग मार्केट सचिव के साथ तालमेल बनाए रखें। अनाज मंडी में साफ-सफाई में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। हेल्प डेस्क बनाया जाए ताकि खरीद केंद्र पर किसानों को फसल बेचने में कोई दिक्कत न आए। इस दौरान मार्केट कमेटी सचिव संदीप लोहान, हैफेड इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, मंडी सुपरवाइजर वेदपाल, जसवंत सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।