पिछले कुछ दिनों से जहां तापमान में वृद्धि नजर आ रही थी, वहीं शनिवार को दोपहर के बाद मौसम में एकाएक बदलाव देखने को मिला। तेज अंधड़ और बारिश ने जहां किसानों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं इसको देखते हुए अनाज मंडी में भी काम-काज में तेजी आ गई है, क्योंकि किसानों और व्यापारियों को यह डर सताने लगा कि कहीं तेज बारिश आने पर उनकी मेहनत पर पानी न फिर जाए।
दोपहर तक मौसम में खूब तपिश थी और गर्म हवा के चलते लोग बेहाल थे, जिसके चलते बाजार व गलियां सुनसान दिखाई पड़ रही थी। स्कूली बच्चों को भी स्कूल से आते वक्त गर्मी से खूब दो चार होना पड़ा।
तेज आंधी के चलते जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया। मौसम विभाग पहले से ही 2 व 3 मई को मौसम में बदलाव की भविष्यवाणी कर चुका था। शनिवार दोपहर बाद आई आंधी से मंडी में कामकाज पर काफी असर पड़ा। सरकारी एजेंसियों की ओर से अब तक कुल मिलाकर 14 लाख 90 हजार क्विंटल के करीब गेहूं की खरीद की जा चुकी है।
मार्केट सचिव राहुल कुंडू का कहना है कि मंडी में पड़े गेहूं को बारिश से नुकसान न हो इसके लिए व्यवस्था कर ली गई है। जिन किसानों की फसल अभी तक नहीं बिकी है उन्होंने भी फसल को ढंकने के लिए तिरपाल आदि बिछा दी है ताकि फसल को नुकसान न हो।