टूटी पाइप लाइन ठीक करवाने पहुंचे कनिष्ठ अभियंता विकास कुमार। संवाद
टोहाना। शहर के मुख्य जलघर में शुक्रवार सुबह 11 बजे पाइपलाइन लीकेज और टूट-फूट के चलते पीने के पानी की सप्लाई करीब 32 घंटे तक बाधित रही। इससे रविदास मोहल्ला, शिवा गली, पुरानी तहसील रोड, नया बाजार, भाटिया नगर, दमकौरा रोड, तूर नगर, ऑफिसर कॉलोनी समेत कई कॉलोनियों के लोग प्रभावित हुए।
जल आपूर्ति बाधित होने के बाद जन स्वास्थ्य विभाग ने आपात स्थिति में टैंकरों के माध्यम से शहर के कुछ क्षेत्रों में पानी की सप्लाई की। विभाग ने अपने कार्यालय के आसपास के इलाके में विशेष रूप से टैंकर भेजे। जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता विकास कुमार ने बताया कि करीब पचास साल पुरानी पाइपलाइन लीकेज के कारण टूट गई थी। शनिवार को अवकाश होने के बावजूद वे स्वयं मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया।
समाचार भेजे जाने तक लीकेज को ठीक करने का कार्य जारी था। अधिकारियों के अनुसार, यदि सब कुछ योजना के अनुसार चलता रहा तो रविवार सुबह तक शहर में पानी की सप्लाई पुनः सुचारू कर दी जाएगी।