फतेहाबाद के रतिया विधानसभा क्षेत्र के सबसे बड़े गांव भिरड़ाना में पेयजल संकट गहरा गया है। इससे ग्रामीण काफी परेशान हैं। वहीं चार ग्रामीण जलघर की टंकी पर चढ़ गए हैं। टंकी पर चढ़े ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक पेयजल समस्या का उचित समाधान नहीं होगा तब तक वे नीचे नहीं उतरेंगे। चार लोगों के टंकी पर चढ़ने की सूचना पाकर गांव के लोग जल घर में एकत्रित होना शुरू हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: नौकरी दिलाने के नाम पर खेल: चंडीगढ़ PGI में पैसे लेकर बांट रहे जॉब, आठ महीने में तीन शिकायतें
टंकी पर चढ़े ग्रामीण आजाद सिंह ने बताया कि गांव में पिछले चार दिन से बिल्कुल भी पानी नहीं आ रहा है। न पीने के लिए पानी है और न ही नहाने के लिए। गांव की 15 हजार से ज्यादा आबादी पेयजल संकट झेल रही हैं। गांव के जलघर के पांच टैंक खाली पड़े है। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कोई चिंता ही नहीं है। ट्यूबवेल भी सही तरीके से नहीं चल रहा है।
एक्सईएन ने फोन नहीं उठाया, SDO दाढ़ी बनवा रहे हैं
ग्रामीण आजाद ने बताया कि उन्होंने समस्या को लेकर टंकी पर चढ़कर जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन व एसडीओ को फोन किया। एक्सईएन ने कॉल रिसीव नहीं की जबकि एसडीओ ने कहा कि दाढ़ी बनवा रहा हूं, थोड़ी देर में फोन करता हूं। मगर 2 घंटे से भी ज्यादा समय बीतने के बावजूद उन्होंने फोन नहीं किया।