फतेहाबाद। एमएम कॉलेज के पास स्थित हरित पट्टी में रखे चाय के खोखे को पुलिस ने शनिवार शाम को जेसीबी से उठवाया दिया। संचालक पर युवाओं को नशा करने के लिए अवैध रूप से सरेआम सिरिंज और रैपर देने के आरोप के बाद यह कार्रवाई की गई।
महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट की टीम ने एमएम कॉलेज के पास हरित पट्टी में शनिवार सुबह 15 से 20 युवकों को नशा करते हुए पकड़ा। युवक सिरिंज के जरिये नशा ले रहे थे। मामले की सूचना डायल 112 को दी गई।
पुलिस के आने से पहले कुछ युवक भाग गए लेकिन दो पकड़े गए। ट्रस्ट के संस्थापक भवानी सिंह मौके पर पहुंचे और युवकों को बस स्टैंड चौकी में ले जाया गया। यहां पर पूछताछ में युवकों ने पुलिस को बताया कि वह खोखे से सिरिंज लेते हैं और उन्हें कोई पम्मा नाम का व्यक्ति गोली देकर जाता है। इस गोली को रगड़कर सिरिंज के जरिए वे नशा करते हैं।
20 रुपये में दी जा रही नशे के लिए गोली
युवकों ने पुलिस को बताया कि उन्हें 20 रुपये में ही गोली मिल जाती है। इस गोली को वे रगड़कर पानी में डाल देते हैं और खोल बनाकर सिरिंज के जरिए नशा लेते हैं। वहीं आसपास के लोगों ने बताया कि सुबह से लेकर शाम तक यहां पर युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। युवक खोखे से सिरिंज लेते है और इसके बाद ग्रीन बेल्ट में बैठकर नशा करते हैं। ट्रस्ट के संस्थापक भवानी सिंह का कहना है कि युवकों ने ये भी बताया है कि सिरिंज भी 20 रुपये में बेची जा रही थी।
-
पुलिस के पत्र पर नगर परिषद ने नहीं की कार्रवाई
शहर थाना की तरफ से नगर परिषद को 20 मार्च 2025 को पत्र लिखा गया कि हिसार-सिरसा रोड रतिया मोड टी प्वाइंट पर चाय का खोखा है। जहां पर नशेड़ी किस्म के युवक आकर बैठते है। ऐसे में इस खोखे को हटवाया जाए लेकिन नगर परिषद ने इसको हटवाने की कोशिश ही नहीं की। जबकि नगर परिषद शहर के अंदर रोजाना अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चला रही है।
-
हमारे पास कई दिनों से शिकायत आ रही थी खोखा संचालक सिरिंज और नशीले पदार्थ बेच रहा है। इस बारे में संचालक को समझाया गया था लेकिन वह नहीं माना। शनिवार सुबह सूचना मिली कि कुछ युवक कॉलेज के पास नशा कर रहे हैं। टीम वहां पर पहुंची, कुछ युवक भागने में कामयाब रहे जबकि दो को पकड़ा गया तो उन्होंने इस बारे में खुलासा किया कि कैसे उन्हें सिरिंज और नशा उपलब्ध हो रहा है। पुलिस के सहयोग से उक्त खोखे को हटवाया गया है।
- भवानी सिंह, संस्थापक, महाशक्ति चेरिटेबल ट्रस्ट
-
नगर परिषद की तरफ से दो बार संबंधित खोखा संचालक को नोटिस दिया जा चुका है। पहले भी टीम ने खोखा हटाया था। अब नोटिस के बाद टीम ने कार्रवाई करनी थी।
- राजेंद्र सोनी, ईओ, नगर परिषद