फतेहाबाद। हरियाणा विधानसभा की जनस्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग और बिजली एवं लोक निर्माण विभाग संबंधित मामले की सब्जेक्ट कमेटी के चेयरमैन एवं विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ.कृष्ण लाल मिड्ढा ने सदस्यों के साथ फतेहाबाद, भट्टूकलां और गिलाखेड़ा में जनस्वास्थ्य विभाग के प्रोजेक्टों का निरीक्षण किया।
कमेटी चेयरमैन जब सदस्यों के साथ चिल्ली झील पर पहुंचे तो हालात देखकर दंग रह गए। विधायक बलवान सिंह, पार्षद मोहन लाल नारंग ने कहा कि चिल्ली झील के सुंदरीकरण के लिए 13 करोड़ आए और 8 करोड़ खर्च हो गए है लेकिन हुआ कुछ नहीं है। डीएमसी संजय बिश्नोई ने कहा कि रास्ते को लेकर मामला फंसा हुआ और कोर्ट में विचारधीन है। निजी जगह मिलती है तो सुबह ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।
नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन दर्शन नागपाल ने कहा कि 8 करोड़ खर्च हो गए हैं लेकिन काम नहीं हुए है, जांच करवाइये। चेयरमैन मिड्ढा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कहा कि 8 करोड़ बहुत होते है बैग भर जाएं और उठा भी नहीं सकते है लेकिन यहां पर गंदगी फैली हुई है, मामले की जांच करवाएंगे कि कहां पर खर्च हुई है।
सब्जेक्ट कमेटी चेयरमैन जब तुलसी दास चौक पर पहुंचे तो जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा कि बारिश पानी निकासी पर 8 करोड़ में से साढ़े 6 करोड़ खर्च हुए हैं।
इस दौरान समिति सदस्य विधायक नरेश सेलवाल, बलवान सिंह दौलतपुरिया, विधायक मामन खान, सतीश कुमार, मोहम्मद ईसराईल भी मौजूद रहे। इसके अलावा फतेहाबाद के पूर्व विधायक दुड़ाराम भी मौजूद रहे।
-
ब्रह्माकुमारी आश्रम रोड पर बोले लोग- मिड्ढा साहब आइए और देखिए
कमेटी चेयरमैन मिड्ढा रेस्ट हाउस के बाद पहले ब्रह्माकुमारी आश्रम रोड पर पहुंचे और यहां पर लोगों की शिकायत सुनी। मौके पर मौजूद पार्षद सुभाष नायक और लोगों ने कहा कि यहां कि गंदगी देखिए। कभी 10 लाख तो कभी 8 लाख खर्च किए गए है लेकिन समाधान नहीं हुआ है। मिड्ढा ने एसडीओ सतपाल रोज को स्थायी समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद मिड्ढा ने माजरा रोड पर जलभराव समस्या का निरीक्षण किया। किसानों ने कहा कि पूरे शहर का पानी यहां पर आता है और निकासी का कोई प्रबंध नही है। इस पर मिड्ढा ने कहा कि मामले को विधानसभा में उठाएंगे।
-
धर्मशाला रोड की समस्याएं सुनीं तो डीसी से बोले- इन्हें सुलझाएं
चिल्ली झील का निरीक्षण करने के बाद कमेटी चेयरमैन विधायकों के साथ तुलसी दास चौक पर पहुंचे। यहां पर मौजूद पार्षद किरण नारंग, पूर्व पार्षद प्रमोद डबली व लोगों ने करीब 20 मिनट तक जलभराव का दुखड़ा रोया। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि मॉडल टाउन, धर्मशाला रोड, थाना रोड तक का पानी यहां पर आ रहा है। पांच-पांच फीट तक जलभराव हो रहा है। घरों को नुकसान हो रहा है। पाइपलाइन गलत डाली गई है। नगर परिषद ने पैसा बारिश पानी निकासी पाइप लाइन डालने के लिए दिया था लेकिन सीवरेज पाइप लाइन डाल दी गई, इसको लेकर भ्रष्टाचार हुआ है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) खैरातीखेड़ा को बंद कर दिया जाता है तो पूरे शहर का पानी यहां इकट्ठा हो जाता है। इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि यहां के लोग गलत बोल रहे है, पानी दो से तीन घंटे में निकल रहा है। चेयरमैन ने मौके पर मौजूद उपायुक्त मनदीप कौर से कहा ये छोटी-छोटी समस्याएं है इनको खुद सुलझाएं।
-
मैं एक-एक के घर जाउंगा तो खुद घर नहीं पहुंच पाऊंगा :
तुलसीदास चौक पर चेयरमैन के पास शिकायतों को लेकर लाइन लग गई और मौके पर मौजूद लोग बोले कि आप हमारे घर आकर देखिए, क्या हालात है। इस पर मिड्ढा ने कहा कि मैं एक-एक घर जाने लग गया तो खुद के घर नहीं जा पाऊंगा। प्वाइंट टू प्वाइंट चेक कर रहे हैं। वहीं उपायुक्त मनदीप कौर ने लोगों को कहा कि अगर व्यवस्था न होती तो दो साल पहले आई बाढ़ शहर में आ जाती, शहर को बचाया गया था।
-
जनस्वास्थ्य विभाग की जगह पर पार्क बनाने का दिया प्रस्ताव
नगर परिषद की उपप्रधान सविता टुटेजा ने जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय के पीछे करीब खाली पड़ी पांच एकड़ जगह पर पार्क बनाने की मांग को लेकर विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ.कृष्ण लाल मिड्ढा को मांग पत्र दिया।
-
शहर की आठ समस्याओं को लेकर दिया मांग पत्र :
नागरिक अधिकार मंच के संयोजक राजीव सेतिया, सह संयोजक दुष्यंत शर्मा, पार्षद मोहन लाल नारंग ने शहर की आठ समस्याओं को लेकर मांग पत्र दिया। जिसमें अल्फा सिटी, सोमा सिटी, हुडा सेक्टर तीन में पेयजल समस्या, शहर में शामिल हुई नई कॉलोनी में सीवरेज लाइन न होना, भट्टू रोड पर जलनिकासी समस्या, जाट धर्मशाला के साथ लगती जगजीवनपुरा और बीघड़ रोड पर जलभराव समस्या शामिल रही।