फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: निजीकरण के विरोध में उठी आवाज

विज्ञापन
शहर के सबडिवीजन में कंपी के पैरलल के आदेश की प्रतियां जललाते निगम के कर्मचारी। संवाद
विज्ञापन
फतेहाबाद/टोहाना/रतिया। गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी इलेवन पावर को 25 साल के लिए समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देने के फैसले के विरोध में बिजली कर्मचारी लामबंद हो गए हैं। बुधवार को फतेहाबाद, टोहाना और रतिया में कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और लाइसेंस की प्रतियां जलाईं।
विज्ञापन

कर्मचारियों ने 22 से 24 अक्तूबर तक तीन दिन की सांकेतिक हड़ताल का एलान करते हुए चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन अनिश्चितकालीन किया जा सकता है। फतेहाबाद में शहरी, अर्ध-शहरी और टीएल सब-यूनिटों में प्रदर्शन किया गया। सिटी प्रधान संजय कुमार ने अध्यक्षता की और सह-सचिव संजय सैनी ने मंच संचालन किया।
इंजीनियर रिपनदीप सिंह, इंजीनियर रविंदर कुमार, सर्कल सचिव फकीर चंद, भूप सिंह और यूनिट सचिव रामनिवास शर्मा ने निजीकरण की नीति पर सवाल उठाए। वक्ताओं ने कहा कि निजी कंपनियों का उद्देश्य मुनाफा कमाना होता है।
विज्ञापन

अधिक राजस्व वाले क्षेत्रों में निजी कंपनी को बिजली वितरण का लाइसेंस देने से दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि इससे घरेलू और गरीब उपभोक्ताओं पर महंगी बिजली का बोझ बढ़ेगा और युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित होंगे।
टोहाना में निगम सांझा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बिजली निगम के शहरी उपमंडल कार्यालय के बाहर प्रदर्शन हुआ। मोर्चा प्रतिनिधि सीए देवीलाल ने आरोप लगाया कि सरकार ने 19 अक्तूबर को निजी कंपनी को समानांतर लाइसेंस जारी कर दिया।
उन्होंने कहा कि अगस्त में प्रस्तावित हड़ताल से पहले हुई वार्ताओं में सरकार ने लाइसेंस जारी नहीं करने का लिखित आश्वासन दिया था। कर्मचारियों ने स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में संभावित बढ़ोतरी पर भी चिंता जताई।
रतिया में हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर्स संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर गेट मीटिंग हुई। मुख्य वक्ता अमित शर्मा ने कहा कि सरकार ने जुलाई में हुई वार्ता के दौरान निजी कंपनी को समानांतर लाइसेंस नहीं देने और हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग में इसका विरोध करने का आश्वासन दिया था।
इसी भरोसे संयुक्त मोर्चा ने अगस्त में प्रस्तावित हड़ताल स्थगित की थी। खुर्शीद खान ने तीन दिवसीय हड़ताल की जानकारी दी। एसडीओ अशोक पानू ने कर्मचारियों से हड़ताल सफल बनाने की अपील की। फतेहाबाद में प्रदर्शन की अध्यक्षता सिटी प्रधान संजय कुमार ने की। टोहाना और रतिया में भी विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

22 से 24 अक्तूबर तक 3 दिन की पूर्ण हड़ताल
संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने एलान किया है कि इस फैसले के विरोध में और उपभोक्ताओं व कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रदेश भर में 22, 23 एवं 24 अक्तूबर तक लगातार 3 दिन की पूर्ण हड़ताल रहेगी। मोर्चे के नेताओं ने बताया कि 24 अक्तूबर को सुबह 11 बजे आगे के रणनीति और आंदोलन का एलान किया जाएगा। यदि सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया, तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन भी किया जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें