क्षेत्र के गुरुद्वारों का निरीक्षण करते हुए हरियाणा एसजीपीसी के नए प्रधान जगदीश सिंह झींडा।
रतिया (फतेहाबाद)। प्रदेश के गुरुद्वारों में लंगर के दौरान वीआईपी कल्चर बंद किया जाएगा। यह बात वीरवार को हरियाणा एसजीपीसी के नए प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने पत्रकार से बातचीत के दौरान कही।
नए प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने रतिया क्षेत्र के गुरुद्वारों और उनकी जमीनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से कहा कि प्रदेश के सिख समाज ने उन्हें प्रदेश के गुरुद्वारों के रखरखाव की जो जिम्मेदारी दी है, उसके तहत वह प्रदेश भर के गुरुद्वारा का निरीक्षण कर रहे हैं। प्रदेश में गुरुद्वारों की हजारों एकड़ जमीन बिना रखरखाव के पड़ी है। जिनको उपयोग करके प्रदेश में सिख संगत के धर्म प्रचार के लिए हाल बनाए जाएंगे तथा प्रदेश में विश्वविद्यालय व अस्पताल बनाने को लेकर भी अमलीजामा पहनाया जाना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के गुरुद्वारों में लंगर के दौरान वीआईपी कल्चर को बंद कर दिया जाएगा तथा गुरुद्वारों में बोतल बंद पानी भी नहीं चलाया जाएगा। झींडा ने कहा कि प्रदेश में सिखों के उत्थान को लेकर धर्म प्रचार के साथ-साथ, हर तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान संगत द्वारा मांग कि रतिया बाइपास बुढलाडा रोड पर धार्मिक समागम व अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के लिए बड़ा हाल बनाया जाए। इसको लेकर निरीक्षण किया है तथा जल्द ही कमेटी के साथ बैठक करके मांग को लेकर विचार किया जाएगा।
इस अवसर पर गुरचरण सिंह, जरनैल सिंह, डॉ. शीशपाल खोखर, फतेह सिंह भुल्लर, जयपाल सिंह, शेर सिंह, रूप सिंह खोखर सहित अन्य मौजूद थे।