फतेहाबाद। युवा महोत्सव को लेकर मनोहर मेमोरियल कॉलेज में तैयारियां शुरू हो गई हैं। कॉलेज में संगीत विभाग द्वारा टैलेंट हंट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संस्कृत विभाग की ओर से ‘संस्कृत भाषा के भाषा वैज्ञानिक अध्ययन’ विषय पर सेमिनार का भी आयोजन किया गया। टेलेंट हंट प्रतियोगिता का संचालन म्यूजिक विभाग से डॉ. सीमा शर्मा, डॉ. अनिल शर्मा, नितिन सचदेवा, वंशज रहेजा, सावन कुमार ने तथा सेमिनार का संचालन संस्कृत विभाग से डॉ. रविना, हिन्दी विभाग से डॉ. अंजलि व भूपेन्द्र ने किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने गायन और नृत्य विधा में शानदार प्रस्तुति देकर वाहवाही लूटी। गायन में बीए तृतीय वर्ष से विनोद ने प्रथम, एमए प्रथम वर्ष से चेतन ने द्वितीय तथा बीए तृतीय वर्ष से नरेन्द्र व एमए प्रथम वर्ष से नमन ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। नृत्य प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष से लक्ष्मण प्रथम, स्नेहा द्वितीय तथा बीए द्वितीय वर्ष से महक ने तृतीय स्थान हासिल किया। दीपक, रिया, पायल और गुनगुन को सांत्वना पुरस्कार हासिल किया।
सेमिनार में मुख्य वक्ता के तौर पर चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा से डॉ. राकेश कुमार ने भाग लिया, अध्यक्षता एमएम कॉलेज प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने की। हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी कोहली ने मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए सेमिनार के विषय पर प्रकाश डाला और कहा कि कॉलेज की ओर से समय-समय पर ऐसी गतिविधियों का आयोजन किया जाता है ताकि छात्रों को भाषा और संस्कृति के क्षेत्र में ज्ञान प्राप्त हो और उनके कौशल का विकास हो सके।
मुख्य वक्ता डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि विश्व की प्राचीनतम भाषा संस्कृत में ही समस्त ज्ञान-विज्ञान निहित है। वेद, पुराण, दर्शन, आयुर्वेद और चरक संहिता जैसे ग्रंथ संस्कृत में हैं। प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने विजेता विद्यार्थियों और सफल आयोजन के लिए स्टाफ सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 10, 11, 12, 13 व 14 नवंबर को यूथ फेस्टीवल का आयोजन किया जाएगा। तब तक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां जारी रहेंगी।