सदर थाना प्रभारी साधुराम को नशे की रोकथाम बारे ज्ञापन देते सरपंच प्रतिनिधि व अन्य। संवाद
टोहाना। जमालपुर शेखां गांव में नशे और सट्टे के बढ़ते कारोबार से चिंतित ग्रामीणों ने अब इसके खिलाफ आवाज उठाई है। सरपंच प्रतिनिधि कृष्ण के नेतृत्व में पंचायत और ग्रामीणों ने सोमवार को टोहाना सदर थाना प्रभारी साधुराम को ज्ञापन सौंपकर अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की कुछ दुकानों और होटलों में जुआ, गांजा, पोस्ट, सट्टा, कैप्सूल और स्मैक जैसे नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है। इससे युवा वर्ग नशे की चपेट में आ रहा है और सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में नशे का कारोबार लगातार बढ़ने से अभिभावक चिंतित हैं।
पंचायत ने थाना प्रभारी से नशा और सट्टा बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की ताकि युवाओं को इस बुराई से बचाया जा सके। ज्ञापन पर सरपंच अजय कुमार सहित कई पंचों के हस्ताक्षर हैं। थाना प्रभारी साधुराम ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।