संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। गांव धांगड़ में घरों में दूषित पानी और कम सप्लाई की समस्या से परेशान ग्रामीण वीरवार को अधिकारियों से मिलने के लिए लघु सचिवालय पहुंचे। उपायुक्त से मुलाकात नहीं होने पर ग्रामीणों ने वहां पर हंगामा कर दिया।
वहीं ग्रामीण जब परिसर में पहुंचे तो उनको सूचना मिली की राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला भी वहीं पर मौजूद है। जिस पर ग्रामीणों ने उनसे मुलाकात कराने के लिए कहा तो अधिकारियों ने कहा कि वे कार्यक्रम में व्यस्त हैं। ग्रामीणों ने जब उपायुक्त से मिलवाने की बात रखी तो पुलिस कर्मियों ने उन्हें अंदर आने नहीं दिया।
इस पर ग्रामीण आक्रोश में आ गए और हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फोन कर लघु सचिवालय बुलाया। मौके पर पहुंचे एसडीओ सतपाल रोज ने ग्रामीणों की समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम खत्म होने बाद ग्रामीणों ने राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला के सामने भी अपनी समस्या रखी। बराला ने भी ग्रामीणों को समाधान का आश्वासन दिया।
ग्रामीण अनिल जांगड़ा, आत्माराम, रवि कुमार, राधेश्याम, सतीश कुमार, चंद्रो देवी, सुमित्रा देवी, राजबाला आदि ने बताया कि उनके गांव में 6 महीने से दूषित पानी और कम आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। भीषण गर्मी में टैंकरों से गुजारा करना पड़ रहा है।
सप्लाई में जो पानी आता है, वह दूषित है। ग्रामीणों का कहना था कि जलघर में टैंक खराब पड़ा है। चार में से तीन फिल्टर बंद पड़े हैं। बूस्टिंग स्टेशन के वाल्व भी खराब हैं। साथ ही बड़ोपल नहर से गांव में आई रही पाइप लाइन भी कई जगह से लीक है, उसकी मरम्मत करवाई जाए।
-
ग्रामीणों ने जो बताया है वहां पर जाकर निरीक्षण करके समाधान करवाएंगे। पहले कर्मचारी की दिक्कत थी, अब उसे दूर कर दिया गया है। पाइप लाइन अगर लीक है तो उसे भी ठीक करवाया जाएगा।
- सतपाल रोज, एसडीओ जनस्वास्थ्य विभाग फतेहाबाद।