गांव भूथन कलां में नर्सरी में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देते कोच प्रदीप कुमार। संवाद
फतेहाबाद। खेल विभाग की ओर से इस बार गांव भूथन कलां को कबड्डी की नर्सरी अलाॅट की गई। इसका असर यह हुआ कि पढ़ाई के बाद घर पर बैठने वाले युवा भी अब नर्सरी में खेलने के लिए आते हैं।
गांव के करीब 90 बच्चे सुबह व शाम के समय नर्सरी में खेलने के लिए आ रहे है। खेल नर्सरी के मिलने से गांव के युवाओं व खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। नर्सरी में उन्हें नियमित प्रशिक्षण, बेहतर उपकरण और योग्य कोचों का सानिध्य मिल रहा है। सरपंच राजकुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत और युवा खिलाड़ियों के अथक प्रयासों से यह नर्सरी मिल पाई है।
ग्रामीण कृष्ण ज्याणी, दलीप, पवन कुमार आदि का कहना है कि इस पहल से न केवल कबड्डी खेल को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह युवाओं को नशे और गलत संगत से दूर रखने में भी मददगार साबित होगा। अभ्यास कर रहे कई युवा खिलाड़ी पिछले पांच सालों से कबड्डी खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल नर्सरी के आने से वे तकनीक पर काम कर सकते हैं। इससे उनका खेल भी निखरेगा।
-
खेल नर्सरी के शुरू होने से काफी फायदा मिल रहा है। पहले जो समय व्यर्थ बैठकर खराब होता था, अब मैदान में आकर समय का सदुपयोग करते हैं। साथ ही शरीर भी काफी ठीक रहता है।
- प्रिंस।
गांव में खेल को लेकर कोई कोच नहीं था, जिस कारण काफी दिक्कत होती थी। अब गांव में खेल नर्सरी शुरू होने से अभ्यास करने वाले बच्चों को सही से प्रशिक्षण मिल रहा है।
- स्नेहा।