स्वामी नगर में डिस्पोजल टैंक की विवादित जगह स्त्रोत लाइब्रेरी
फतेहाबाद। स्वामी नगर में डिस्पोजल टैंक की जगह को लेकर करीब 20 दिन से चल रहे विवाद पर मंगलवार को फैसला आ सकता है। जिला नगर आयुक्त प्रवीण कुमार ने नगर परिषद और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक बुलाई है। बैठक में पुलिस अधिकारी भी शामिल होंगे।
प्रशासन की ओर से करवाई गई निशानदेही की रिपोर्ट अधिकारियों को सौंप दी गई है। इसके बाद संबंधित जगह पर डिस्पोजल टैंक की खोदाई शुरू होने की संभावना है। पटवारी ने जगह की निशानदेही पूरी कर रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी है। निशानदेही में ईसाई समाज के नाम 4 कनाल एक मरला जमीन मिली है।
स्वामी नगर निवासियों का कहना है कि ईसाई समाज को कब्रिस्तान के लिए जमीन मिल चुकी है और उसकी चहारदीवारी भी की जा चुकी है। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि विवादित जगह पर डिस्पोजल टैंक का काम शुरू होगा। करीब 20 दिन पहले डिस्पोजल टैंक निर्माण के दौरान ईसाई समाज के लोगों ने काम रुकवा दिया था।
उनका कहना था कि संबंधित जगह पर उनके पूर्वजों की कब्र है और खोदाई के दौरान कब्र मिलने की बात भी सामने आई थी। वहीं स्वामी नगर निवासियों का कहना था कि ईसाई समाज को कब्रिस्तान के लिए जमीन पहले ही मिल चुकी है।
प्रशासन ने विवाद सुलझाने के लिए तीन बार प्रयास किए लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद नगर परिषद ने तहसीलदार को जमीन की निशानदेही करवाने के लिए पत्र लिखा था। अब निशानदेही रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन आगे का फैसला लेगा।