फतेहाबाद के जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मी स्त्रोत सोशल मीडिया
फतेहाबाद। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में वेतन और मरम्मत सामग्री की कमी से नाराज कर्मचारियों ने मंगलवार को भट्टू रोड स्थित कार्यालय के बाहर धरना दिया। कर्मचारियों ने मुख्य गेट बंद कर अधिकारियों के वाहन रोके। अधिकारियों से बातचीत के बाद दोपहर एक बजे धरना समाप्त हो गया।
ऑल हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के यूनिट प्रधान धर्मपाल दरियापुर के नेतृत्व में कर्मचारी सुबह नौ बजे कार्यालय में एकत्रित हुए। उन्होंने सुबह 10:30 से 11 बजे तक कार्यालय का मुख्य गेट बंद रखा। इस दौरान डीसी की बैठक में जा रहे कार्यकारी अभियंता बलविंद्र सिंह और एसडीओ सतपाल रोज के वाहन भी रोक दिए गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गेट खुलवाया। कर्मचारियों ने बताया कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएनएल) के तहत कार्यरत कर्मचारियों को दो महीने से वेतन नहीं मिला है। वाटर वर्क्स और ट्यूबवेल की मरम्मत के लिए पर्याप्त सामान भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा।
ऐसे में कर्मचारियों को अपने पैसे खर्च कर छोटी-मोटी मरम्मत करवानी पड़ रही है। इससे जल आपूर्ति जारी रखने में परेशानी हो रही है। डांगरी और रेनकोट के बिलों का भुगतान भी दो महीने से लंबित है। कार्यकारी अभियंता बलविंद्र सिंह ने बताया कि एचकेआरएनएल मुख्यालय से पोर्टल में बदलाव और ईपीएफ कटौती के कारण वेतन दोबारा तैयार करने के निर्देश मिले थे।
वेतन तैयार कर मुख्यालय भेज दिया गया है। एक-दो दिन में भुगतान होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मरम्मत का सामान लगातार उपलब्ध कराया जा रहा है। जो सामग्री उपलब्ध नहीं है उसे मंगवाया जा रहा है।